हरदोई। प्रदेश की चर्चित 29 हजार शिक्षक भर्ती से जुड़े मामले में बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए हरदोई के बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) डॉ. अजित सिंह को निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई राज्यपाल के आदेश पर जिलाधिकारी की जांच रिपोर्ट के आधार पर की गई है।
निलंबन के बाद डॉ. अजित सिंह को लखनऊ स्थित बेसिक शिक्षा निदेशालय कार्यालय से संबद्ध कर दिया गया है। मामला उस समय चर्चा में आया था, जब भर्ती प्रक्रिया से जुड़ी 61 शिक्षकों की मूल पत्रावलियां गायब पाई गई थीं।
दस्तावेजों के गायब होने के मामले में पहले ही संबंधित थाने में एफआईआर दर्ज कराई जा चुकी थी। इस प्रकरण के चलते भर्ती प्रक्रिया करीब छह माह तक प्रभावित रही, जिससे चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति मिलने में देरी हुई।
मामले में एक आउटसोर्सिंग कंपनी ने भी भर्ती प्रक्रिया के दौरान रिश्वत मांगने के गंभीर आरोप लगाए थे। इसके बाद प्रशासन ने पूरे प्रकरण की जांच कराई, जिसमें जिलाधिकारी की रिपोर्ट के आधार पर शासन ने कार्रवाई का निर्णय लिया।
शिक्षक भर्ती से जुड़े इस मामले में बीएसए के निलंबन को बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई माना जा रहा है। वहीं, दस्तावेजों के गायब होने और भर्ती प्रक्रिया में संभावित अनियमितताओं की जांच अभी भी जारी है।


