31.9 C
Lucknow
Tuesday, October 6, 2026

जाति प्रमाण पत्र की अड़चन से शिक्षक भर्ती अभ्यर्थियों की बढ़ी चिंता

Must read

कंपिल,फर्रुखाबाद । शिक्षक भर्ती की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के सामने अब जाति प्रमाण पत्र की समस्या खड़ी हो गई है। कंपिल क्षेत्र में अतिरिक्त प्रभार छोड़ने के बाद लेखपालों की रिपोर्ट नहीं लग पाने से कई जाति प्रमाण पत्र के आवेदन लंबित हैं। सुपर टेट के ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 15 अक्टूबर निर्धारित होने के कारण प्रमाण पत्र का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों की चिंता लगातार बढ़ रही है। समय रहते समस्या का समाधान नहीं हुआ तो दस्तावेज के अभाव में कई अभ्यर्थियों के आवेदन छूटने की आशंका है।

उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ की प्रांतीय कार्यकारिणी के आह्वान पर लेखपालों द्वारा अतिरिक्त क्षेत्रों का प्रभार छोड़कर संबंधित अभिलेख कार्यालयों में जमा किए जाने के बाद राजस्व से जुड़े कई कार्य प्रभावित हुए हैं। इनमें जाति, आय, मूल निवास, ईडब्ल्यूएस, विरासत, हिस्सा और पैमाइश जैसे कार्य शामिल हैं।

कंपिल कस्बे का अतिरिक्त प्रभार लेखपाल धर्मेंद्र कुमार के पास था, जबकि उनका मूल क्षेत्र कटिया बताया गया है। अतिरिक्त प्रभार छोड़े जाने के बाद कस्बे से भेजे जा रहे प्रमाण पत्रों पर रिपोर्ट लगाने की प्रक्रिया प्रभावित हो रही है। कुछ आवेदन रिपोर्ट के अभाव में तहसीलदार अथवा उपजिलाधिकारी स्तर से वापस किए जाने की बात भी सामने आ रही है।

इसका सीधा असर शिक्षक भर्ती की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों पर पड़ रहा है। सुपर टेट के ऑनलाइन आवेदन में जाति प्रमाण पत्र की प्रति लगाना आवश्यक होने के कारण जिन अभ्यर्थियों ने प्रमाण पत्र के लिए आवेदन किया है, वे उसके जारी होने की प्रतीक्षा कर रहे हैं। अभ्यर्थियों के अनुसार पिछले 4 दिनों से समस्या बनी हुई है, जबकि आवेदन की अंतिम तिथि लगातार नजदीक आ रही है।

अभ्यर्थियों की चिंता इसलिए भी बढ़ गई है क्योंकि वेबसाइट की गति धीमी चलने की शिकायत भी सामने आ रही है। अंतिम दिनों में ऑनलाइन आवेदन का दबाव बढ़ने पर सर्वर संबंधी समस्या उत्पन्न हुई तो अभ्यर्थियों के सामने दोहरी परेशानी खड़ी हो सकती है।

सबसे बड़ा सवाल उन अभ्यर्थियों को लेकर है, जिन्होंने पहले ही जाति प्रमाण पत्र के लिए आवेदन कर दिया था। यदि अतिरिक्त प्रभार वाले लेखपाल द्वारा रिपोर्ट लगाए बिना आवेदन वापस कर दिया गया है तो क्या उसी आवेदन पर दूसरे लेखपाल से रिपोर्ट लगाकर प्रमाण पत्र जारी किया जाएगा या अभ्यर्थी को दोबारा आवेदन करना पड़ेगा, इसे लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। दोबारा आवेदन की स्थिति में समय और प्रक्रिया को लेकर भी अभ्यर्थियों में असमंजस है।

सुपर टेट के अलावा छात्रवृत्ति के लिए भी आवेदन प्रक्रिया चल रही है। छात्र-छात्राओं को जाति और आय प्रमाण पत्र की आवश्यकता होने के कारण इस समस्या का असर विद्यार्थियों पर भी पड़ रहा है।

अभ्यर्थियों और विद्यार्थियों ने प्रशासन से मांग की है कि 15 अक्टूबर की अंतिम तिथि को देखते हुए लंबित प्रमाण पत्रों के निस्तारण की तत्काल और स्पष्ट व्यवस्था की जाए, ताकि किसी भी अभ्यर्थी अथवा छात्र को प्रमाण पत्र के अभाव में आवेदन से वंचित न होना पड़े।

तहसीलदार अरविंद कुमार ने बताया कि प्रशासन की ओर से सभी के प्रमाण पत्र जारी किए जा रहे हैं। लेखपालों को छात्रों के हित को ध्यान में रखते हुए प्रमाण पत्र जारी करने के निर्देश दिए गए हैं।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article