लखनऊ। उत्तर प्रदेश में होमगार्ड भर्ती-2025 के नाम पर सोशल मीडिया पर भ्रामक और फर्जी सूचना प्रसारित करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। इंस्टाग्राम पर एडिटेड दस्तावेज़ वायरल कर अभ्यर्थियों को गुमराह करने के आरोप में दो सोशल मीडिया अकाउंट्स के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि वायरल किए गए दस्तावेज़ों में छेड़छाड़ कर उन्हें वास्तविक आदेश की तरह प्रस्तुत किया गया था। इससे भर्ती प्रक्रिया को लेकर अभ्यर्थियों के बीच भ्रम और अफवाह का माहौल बन गया।
प्रशासन ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे भर्ती से संबंधित किसी भी सूचना पर विश्वास करने से पहले केवल विभाग की आधिकारिक वेबसाइट और अधिकृत माध्यमों से ही उसकी पुष्टि करें। सोशल मीडिया पर प्रसारित अपुष्ट या भ्रामक संदेशों से सावधान रहने की सलाह दी गई है।
पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि भर्ती प्रक्रिया से जुड़ी फर्जी खबरें, एडिटेड दस्तावेज़ या भ्रामक सूचनाएं प्रसारित करने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मामले की जांच जारी है और अन्य संबंधित सोशल मीडिया अकाउंट्स की भी पड़ताल की जा रही है।


