31.9 C
Lucknow
Tuesday, October 6, 2026

काशी में दिखेगा दिव्यांग खिलाड़ियों का दम, राष्ट्रीय टी-20 प्रतियोगिता की तैयारियां तेज

Must read

 

वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में आयोजित सेवा संकल्प माह के अंतर्गत होने वाली 3 दिवसीय छह राज्यों की राष्ट्रीय टी-20 दिव्यांग क्रिकेट प्रतियोगिता को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। प्रतियोगिता 9 से 11 अक्टूबर 2026 तक सिगरा स्थित डॉ. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित की जाएगी। इसमें उत्तर प्रदेश समेत 6 राज्यों की टीमें हिस्सा लेंगी।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन को लेकर आयोजन समिति से जुड़े पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने प्रस्तावित क्रिकेट मैदान का स्थल निरीक्षण किया। इस दौरान मैदान की व्यवस्थाओं, खिलाड़ियों के लिए आवश्यक सुविधाओं, आवागमन और अन्य तैयारियों का जायजा लेते हुए संबंधित लोगों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
आयोजन समिति के अध्यक्ष सिद्धार्थ सिंह ने कहा कि दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए इस तरह के आयोजन उनके आत्मविश्वास को मजबूत करने और उन्हें अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। खेल के माध्यम से दिव्यांगजनों को समान अवसर और सामाजिक सहभागिता का मंच उपलब्ध कराया जा सकता है।
ऑल इंडिया दिव्यांग क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. उत्तम ओझा ने बताया कि प्रतियोगिता में भाग लेने वाली सभी 6 टीमें 8 अक्टूबर को वाराणसी पहुंचेंगी। खिलाड़ियों के ठहरने, भोजन, आवागमन तथा प्रतियोगिता से जुड़ी अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा और विदर्भ की टीमें भाग लेंगी।
एसोसिएशन के महासचिव डॉ. संजय चौरसिया ने कहा कि प्रतियोगिता से संबंधित सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी कर ली जाएंगी। आयोजन को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए विभिन्न सदस्यों को जिम्मेदारियां भी सौंपी गई हैं।
स्थल निरीक्षण के दौरान वीरभद्र सिंह, गौतम जायसवाल, अखिलेश यादव, सुबोध राय, प्रदीप राजभर, प्रांजल अग्रहरि, शशि भूषण त्रिपाठी, शैलेश त्रिपाठी, चंदन सिंह और रोशन द्विवेदी सहित आयोजन समिति से जुड़े पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।
राष्ट्रीय स्तर की यह प्रतियोगिता दिव्यांग खिलाड़ियों को अपनी खेल प्रतिभा दिखाने के साथ ही आत्मविश्वास, स्वावलंबन और सामाजिक समावेशन का संदेश देने का महत्वपूर्ण मंच बनेगी। आयोजकों का उद्देश्य खेल के माध्यम से दिव्यांग खिलाड़ियों को प्रोत्साहित कर उन्हें मुख्यधारा में समान अवसर उपलब्ध कराना है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article