लखनऊ/यूथ इंडिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भाजपा ने मंगलवार को धार्मिक और सेवा गतिविधियों के माध्यम से उत्सव की शुरुआत की। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने लखनऊ स्थित प्रसिद्ध हनुमान सेतु मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर देश की समृद्धि, विकास और जनकल्याण की कामना की।
इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में केंद्र सरकार ने सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए देश को नई दिशा देने का कार्य किया है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की बढ़ती वैश्विक प्रतिष्ठा और विकास की गति को ऐतिहासिक बताया।
हनुमान सेतु मंदिर में पूजा-अर्चना के दौरान भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। धार्मिक अनुष्ठान के माध्यम से केंद्र सरकार की उपलब्धियों और विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया गया।
पूजा कार्यक्रम के बाद प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी वाराणसी रवाना हुए, जहां वे काशी अनाथालय में अनाथ बच्चों के बीच फल एवं वस्त्र वितरण करेंगे तथा सायंकाल श्री काशी विश्वनाथ धाम में बाबा विश्वनाथ के दर्शन-पूजन कर राष्ट्र की उन्नति और प्रदेश की खुशहाली की प्रार्थना करेंगे।


