आजमगढ़। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को छात्र-युवाओं के आंदोलन की जीत बताया। उन्होंने कहा कि देशभर में युवाओं के आंदोलन के कारण भारतीय जनता पार्टी को अपना रुख बदलना पड़ा।
अखिलेश यादव ने कहा, “युवाओं का जो आंदोलन फैला, उसकी वजह से अन्ततोगत्वा भारतीय जनता पार्टी, जो विश्व की सबसे बड़ी पार्टी है, उसको भी झुकना पड़ गया। यह युवाओं की बड़ी जीत है।”
उन्होंने कहा कि विपक्ष लगातार छात्रों और युवाओं की मांगों के समर्थन में खड़ा रहा। उनकी पहली मांग शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की थी, जिसे अंततः स्वीकार करना पड़ा। उन्होंने छात्र-नौजवानों को बधाई देते हुए कहा कि लोकतंत्र में जनआंदोलन की ताकत सबसे बड़ी होती है।
सपा प्रमुख ने कहा, “यह जो इस्तीफा हुआ है, वह इंकलाब की वजह से हुआ है।” उन्होंने युवाओं से शिक्षा, रोजगार और अपने अधिकारों के मुद्दों पर संगठित होकर आवाज बुलंद करने का आह्वान किया।


