राहगीरों को पिलाया गया शरबत
फर्रुखाबाद। गंगा दशहरा पर्व के अवसर पर थाना जहानगंज के सामने भीषण गर्मी में राहगीरों और आमजन के लिए शरबत वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। समाजसेवी दिलीप चौहान द्वारा आयोजित इस सेवा कार्य में बड़ी संख्या में लोगों को ठंडा शरबत पिलाकर राहत पहुंचाई गई। तेज धूप और उमस भरी गर्मी के बीच राहगीरों ने इस पहल की सराहना की।
बताया गया कि गंगा दशहरा के अवसर पर यहां कई वर्षों से लगातार शरबत वितरण की परंपरा निभाई जा रही है। हर वर्ष स्थानीय लोग मिलकर राहगीरों की सेवा करते हैं और सामाजिक सद्भाव का संदेश देते हैं। इस बार भी कार्यक्रम में उत्साह और सेवा भावना का माहौल देखने को मिला।
दिलीप चौहान ने कहा कि भीषण गर्मी में लोगों की सेवा करना पुण्य का कार्य है और यह परंपरा आगे भी लगातार जारी रहेगी। कार्यक्रम में राहुल ठाकुर, धीरज कटियार, रोहित शुक्ला, सरजीत कश्यप सहित कई लोग मौजूद रहे और सभी ने राहगीरों को शरबत वितरित कर सहयोग किया।


