28.3 C
Lucknow
Tuesday, October 13, 2026

पांचाल घाट पर चला गंगा स्वच्छता अभियान, कांवड़ियों और श्रद्धालुओं को किया जागरूक

Must read

फर्रुखाबाद। जिला गंगा समिति के तत्वावधान में जिलाधिकारी के निर्देशन में सावन माह के मद्देनजर पांचाल घाट पर गंगा स्वच्छता एवं जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान में गंगा योद्धाओं ने घाट पर सफाई करने के साथ श्रद्धालुओं, दुकानदारों और आम लोगों को गंगा को स्वच्छ एवं निर्मल रखने के लिए जागरूक किया। कार्यक्रम में प्रभागीय निदेशक राजीव कुमार मौजूद रहे।
प्रभागीय निदेशक राजीव कुमार ने घाट पर मौजूद श्रद्धालुओं और दुकानदारों से गंगा में किसी भी प्रकार का कूड़ा-कचरा न डालने की अपील की। उन्होंने कहा कि गंगा को स्वच्छ रखना केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक व्यक्ति का कर्तव्य है। जिस तरह गंगा में स्नान कर हम स्वयं को स्वच्छ करते हैं, उसी तरह गंगा तट को साफ रखकर गंगाजल को भी स्वच्छ रखने में सहयोग कर सकते हैं।
जिला परियोजना अधिकारी निहारिका पटेल के नेतृत्व में युवाओं ने घाट पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया। इस दौरान घाट पर फैली गंदगी, कूड़ा-कचरा, प्लास्टिक, पॉलिथीन और कपड़ों को एकत्र कर उनका उचित निस्तारण किया गया।
सावन माह को देखते हुए कांवड़ियों को विशेष रूप से जागरूक किया गया। उन्हें गंगा घाट पर पूजा सामग्री, पॉलिथीन और अन्य सामान न छोड़ने की अपील की गई, ताकि घाट पर गंदगी न फैले। इसके साथ ही गंगा स्नान करने वाले श्रद्धालुओं को अत्यधिक गहरे पानी में न जाने और सुरक्षा का ध्यान रखने के लिए भी जागरूक किया गया।
अभियान के अंत में घाट पर मौजूद श्रद्धालुओं, दुकानदारों और अन्य लोगों को गंगा एवं आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखने की शपथ दिलाई गई।
इस अवसर पर गंगा योद्धा रामरहीश कुशवाहा, सुमित, विकास, दीक्षा, नितिन, दिव्यांश, सनी, ओम, उत्तम, अनीत, कार्तिक, शुभ सहित अन्य युवा मौजूद रहे।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article