फर्रुखाबाद। मुख्यमंत्री त्वरित आर्थिक विकास योजना के अंतर्गत जनपद फर्रुखाबाद की 195 भोजपुर विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न सड़क निर्माण परियोजनाओं का शिलान्यास कार्यक्रम संपन्न हुआ। क्षेत्रीय विधायक नागेंद्र सिंह राठौर ने विकास कार्यों का शुभारंभ करते हुए कहा कि क्षेत्र के प्रत्येक गांव को बेहतर सड़क संपर्क से जोड़ना उनकी प्राथमिकता है।
इस दौरान विकास खण्ड कमालगंज की ग्राम पंचायत हैदरपुर में चौहानन नगला से रठौरा नगला नीम ज्योता मार्ग तक 1.050 किलोमीटर लंबी सड़क के नवनिर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया। इस परियोजना पर लगभग 107.87 लाख रुपये की लागत आएगी। वहीं विकास खण्ड मोहम्मदाबाद की ग्राम पंचायत कटिन्ना मानिकपुर के मजरा नगला पति से मानिकपुर तक 0.900 किलोमीटर लंबी सड़क के निर्माण कार्य का भी शुभारंभ किया गया, जिसकी अनुमानित लागत 89.91 लाख रुपये है।
विधायक नागेंद्र सिंह राठौर ने कहा कि सड़क निर्माण से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन सुगम होगा, किसानों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों को बेहतर सुविधा मिलेगी तथा क्षेत्र के आर्थिक एवं सामाजिक विकास को नई गति प्राप्त होगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है और जनहित के कार्य निरंतर जारी रहेंगे।
कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, ग्राम प्रधान, क्षेत्रीय कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने सड़क निर्माण कार्यों के लिए विधायक का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इन परियोजनाओं से लंबे समय से चली आ रही आवागमन की समस्या का समाधान होगा।


