38 C
Lucknow
Wednesday, June 17, 2026

महाराणा प्रताप जयंती पर करणी सेना ने किया माल्यार्पण, मूर्ति स्थल पर गंदगी मिलने पर जताया विरोध

Must read

फर्रुखाबाद। वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की 486वीं जयंती तिथि अनुसार बुधवार को श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना द्वारा श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। रोडवेज बस अड्डा स्थित महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर संगठन के पदाधिकारियों एवं समाज के लोगों ने माल्यार्पण कर उनके त्याग, शौर्य और राष्ट्र रक्षा के लिए दिए गए बलिदान को नमन किया।

कार्यक्रम का नेतृत्व करणी सेना के जिलाध्यक्ष मंथन ठाकुर ने किया। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि महाराणा प्रताप का जीवन संघर्ष, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति की प्रेरणा देता है। उन्होंने देश और धर्म की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व समर्पित कर दिया, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता।

माल्यार्पण के दौरान प्रतिमा स्थल के आसपास गंदगी तथा शराब के खाली पैकेट पड़े मिलने पर संगठन के पदाधिकारियों ने नाराजगी व्यक्त की। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने रोडवेज बस अड्डे पर मौजूद सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक से मुलाकात कर इस स्थिति पर कड़ा विरोध दर्ज कराया। पदाधिकारियों ने कहा कि महाराणा प्रताप पूरे देश के लिए पूजनीय हैं और उनकी प्रतिमा के आसपास किसी भी प्रकार की गंदगी अथवा अराजक गतिविधियां बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। उन्होंने नियमित साफ-सफाई और प्रतिमा स्थल की देखरेख सुनिश्चित करने की मांग की।

सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक ने प्रतिमा स्थल की नियमित सफाई और उचित देखभाल का आश्वासन दिया, जिसके बाद तत्काल सफाई व्यवस्था कराई गई।

कार्यक्रम में विश्व क्षत्रिय परिषद के जिलाध्यक्ष विक्की ठाकुर, मनोज सिंह गौर, जेपी चौहान, राहुल परिहार, युवा जिलाध्यक्ष शिवम ठाकुर, अर्पण राणा, सिप्पू ठाकुर, अंश प्रताप सिंह, मोनू चौहान, अंकुर सिंह, नैतिक, अभय, निर्भय, शिवांश, गोपाल, हर्षित सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article