लखनऊ। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री राजेंद्र चौधरी को हार्ट अटैक आने के बाद गंभीर हालत में लखनऊ के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनकी तबीयत बिगड़ने की सूचना मिलते ही समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव अस्पताल पहुंचे और चिकित्सकों से उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली।
इसी दौरान उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक भी सिविल अस्पताल पहुंचे। उन्होंने चिकित्सकों से उपचार की जानकारी ली और राजेंद्र चौधरी के बेहतर इलाज के लिए आवश्यक निर्देश दिए। स्वास्थ्य विभाग की ओर से उनकी निगरानी में इलाज शुरू कराया गया।
अस्पताल में अखिलेश यादव और ब्रजेश पाठक की मौजूदगी चर्चा का विषय बनी रही। राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता से इतर एक वरिष्ठ नेता के स्वास्थ्य को लेकर दोनों दलों के शीर्ष नेताओं की चिंता ने मानवीय संवेदनाओं की मिसाल पेश की। अस्पताल परिसर में मौजूद समाजवादी पार्टी के समर्थकों के बीच भी डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक की सक्रियता को लेकर चर्चा होती रही।
फिलहाल राजेंद्र चौधरी का इलाज विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में जारी है। अस्पताल प्रशासन ने उनकी स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखने की बात कही है।


