कानपुर। कानपुर के परमट स्थित प्राथमिक विद्यालय में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का जन्मदिन मनाए जाने के मामले में बेसिक शिक्षा विभाग ने सख्त कार्रवाई की है। बिना अनुमति विद्यालय परिसर में कथित राजनीतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाने के आरोप में प्रधानाध्यापक नवीन कुमार त्रिपाठी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। साथ ही पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच के लिए एक समिति का गठन किया गया है।
बताया जा रहा है कि 1 जुलाई को विद्यालय परिसर में अखिलेश यादव के जन्मदिन के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कार्यक्रम की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला तूल पकड़ गया। आरोप है कि सरकारी विद्यालय का उपयोग राजनीतिक गतिविधि के लिए किया गया, जबकि इसके लिए सक्षम अधिकारी से कोई अनुमति नहीं ली गई थी।
मामले पर भाजपा नेताओं ने कड़ा विरोध दर्ज कराते हुए इसे शिक्षा व्यवस्था की निष्पक्षता और सरकारी संस्थानों की गरिमा के खिलाफ बताया। उन्होंने दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की, जिसके बाद बेसिक शिक्षा विभाग ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी।
प्रारंभिक जांच में प्रथम दृष्टया सेवा नियमों और विभागीय दिशा-निर्देशों के उल्लंघन के संकेत मिलने पर बेसिक शिक्षा अधिकारी ने प्रधानाध्यापक नवीन कुमार त्रिपाठी को निलंबित कर दिया। विभाग ने यह भी स्पष्ट किया कि सरकारी विद्यालय किसी भी प्रकार की राजनीतिक गतिविधियों के आयोजन का मंच नहीं बन सकते।


