लखनऊ। हजरतगंज स्थित प्रमुख रेस्टोरेंटों में अग्नि सुरक्षा को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। मुख्यालय अग्निशमन एवं आपात सेवा के निर्देश पर स्कीम नंबर-5 के तहत कर्मचारियों को आग से बचाव, प्राथमिक अग्निशमन उपकरणों के संचालन और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने का प्रशिक्षण दिया गया।
यह प्रशिक्षण आर्यन रेस्टोरेंट, टनाटन रेस्टोरेंट और मोती महल रेस्टोरेंट में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन मुख्य अग्निशमन अधिकारी के निर्देश पर किया गया, जिसका उद्देश्य होटल और रेस्टोरेंट कर्मचारियों को किसी भी आगजनी की स्थिति में त्वरित और सुरक्षित कार्रवाई के लिए तैयार करना था।
प्रशिक्षण के दौरान अग्निशमन विभाग के अधिकारियों ने कर्मचारियों को आग लगने के संभावित कारणों, आग से बचाव के उपायों और शुरुआती चरण में आग पर नियंत्रण पाने के तरीकों की जानकारी दी। साथ ही फायर एक्सटिंग्विशर सहित अन्य प्राथमिक अग्निशमन उपकरणों का सही ढंग से उपयोग करने का व्यावहारिक अभ्यास भी कराया गया।
कर्मचारियों को इवैक्यूएशन (सुरक्षित निकासी) प्रक्रिया, आपातकालीन स्थिति में घबराहट से बचने, ग्राहकों को सुरक्षित बाहर निकालने और अग्निशमन विभाग को तत्काल सूचना देने की प्रक्रिया के बारे में भी विस्तार से बताया गया।
अधिकारियों ने कहा कि सार्वजनिक स्थानों, होटल और रेस्टोरेंट में अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन करना अत्यंत आवश्यक है। समय-समय पर इस प्रकार के प्रशिक्षण आयोजित किए जाने से दुर्घटना की स्थिति में जान-माल के नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता है।


