फर्रुखाबाद। डॉ. राम मनोहर लोहिया चिकित्सालय परिसर स्थित गरीबों को सस्ती दर पर भोजन उपलब्ध कराने वाली कैंटीन में बुधवार सुबह उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब एक युवक ने खुद को विधायक का करीबी बताते हुए कैंटीन संचालक के साथ अभद्रता और हाथापाई कर दी।
बताया जाता है कि अस्पताल परिसर में संचालित इस कैंटीन में मात्र ₹10 प्रति थाली के हिसाब से गरीबों को भोजन उपलब्ध कराया जाता है, जहां प्रतिदिन सैकड़ों की संख्या में जरूरतमंद लोग पहुंचकर भोजन करते हैं। बुधवार की सुबह एक युवक वहां पहुंचा और खुद को विधायक का खास आदमी बताने लगा। इसी दौरान उसने कैंटीन संचालक शेखर के साथ अभद्र व्यवहार शुरू कर दिया और देखते ही देखते हाथापाई पर उतर आया।
मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार युवक ने खुद को शाक्य बिरादरी का बताते हुए धमकी भी दी। हालांकि, कुछ ही देर में वहां मौजूद लोगों को जानकारी मिली कि मुकेश पुत्र प्रभु दयाल निवासी मोहाकुलपुर थाना अमृतपुर द्वारा किया जा रहा दावा पूरी तरह झूठा है। इसके बाद गुस्साए लोगों ने उसकी पिटाई कर दी।
बताया गया कि मुकेश नामक युवक मानसिक रूप से भी अस्वस्थ बताया जा रहा है। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि, किसी प्रकार की बड़ी अनहोनी नहीं हुई।
लोहिया अस्पताल की सस्ती कैंटीन में हंगामा, खुद को विधायक का करीबी बताने वाले युवक की पिटाई


