फर्रुखाबाद। जनपद में जहरखुरानी गिरोह एक बार फिर सक्रिय नजर आ रहा है। रोडवेज बस में सफर कर रहे एक यात्री को गिरोह के सदस्यों ने निशाना बनाते हुए नशीला पदार्थ सुंघाकर बेहोश कर दिया और उसके पास से हजारों रुपये की नगदी, मोबाइल फोन व अन्य सामान लूटकर फरार हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना उस समय हुई जब पीड़ित यात्री रोडवेज बस में यात्रा कर रहा था। रास्ते में जहरखुरानी गिरोह के सदस्यों ने उसे अपने झांसे में लेकर नशीला पदार्थ सुंघा दिया, जिससे वह बेहोश हो गया। इसके बाद आरोपियों ने आराम से उसके कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया।
बस चालक और परिचालक को जब यात्री की स्थिति संदिग्ध लगी तो उन्होंने बस को लाल गेट स्थित रोडवेज बस स्टैंड पर रोका और बेहोश यात्री को वहीं उतार दिया। सूचना मिलने पर 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और उसे तुरंत डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया।
समाचार लिखे जाने तक यात्री अचेत अवस्था में था और डॉक्टरों की निगरानी में उसका उपचार जारी था। फिलहाल उसकी पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और जहरखुरानी गिरोह के सदस्यों की तलाश की जा रही है।
रोडवेज बस में जहरखुरानी का शिकार हुआ यात्री, बेहोश कर लूटे हजारों रुपये व मोबाइल


