23.2 C
Lucknow
Sunday, September 27, 2026

बारिश ने खोली हाईवे के पैचवर्क की पोल, दो दिन में उखड़ी सड़क; गड्ढों और जलभराव से बढ़ी राहगीरों की परेशानी

Must read

 

फर्रुखाबाद। इटावा-बरेली हाईवे पर कराया गया पैचवर्क पहली ही तेज बारिश में सवालों के घेरे में आ गया है। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर सितंबर के पहले सप्ताह में कराए गए पैचवर्क के कई हिस्से महज 20 से 22 दिन में ही उखड़ गए। शुक्रवार से शुरू हुई बारिश के बाद हाईवे की स्थिति और खराब हो गई। जगह-जगह सड़क पर गड्ढे, बिखरी गिट्टी और जलभराव दिखाई दे रहा है।

पानी से भरे गड्ढों की गहराई का अंदाजा नहीं लगने के कारण वाहन चालकों को परेशानी उठानी पड़ रही है। खासकर दोपहिया और छोटे वाहनों को गड्ढों से निकलते समय तेज झटके लग रहे हैं। कई स्थानों पर सड़क के किनारे भी कट गए हैं, जिससे आगे सड़क धंसने का खतरा बना हुआ है।

6.6 किलोमीटर के मार्ग में कई जगह सड़क जर्जर

संवाद न्यूज एजेंसी की पड़ताल में पांचाल घाट से सेंट्रल जेल चौराहा तक करीब 6.6 किलोमीटर लंबे हाईवे पर कई स्थानों पर सड़क की स्थिति खराब मिली। सितंबर के पहले सप्ताह में हाईवे पर जगह-जगह पैचवर्क कराया गया था। उस समय सड़क के गड्ढों को भरकर यातायात को सुचारु करने का प्रयास किया गया, लेकिन बारिश के बाद कई जगह मरम्मत का काम टिक नहीं सका।

मसेनी चौराहा से पांचाल घाट की ओर बढ़ते ही करीब 20 मीटर के हिस्से में जगह-जगह गड्ढे दिखाई दिए। चांदपुर गांव के सामने, बीआरएस लॉन के पास और दीनदयाल बाग में सड़क कई स्थानों पर उखड़ी मिली। जिन गड्ढों पर पैच लगाकर मरम्मत की गई थी, उनमें भी बारिश का पानी भर गया।

पांचाल घाट चौराहे पर जलभराव, पानी के बीच से निकले वाहन

पांचाल घाट चौराहा और पुल के आसपास बारिश के बाद जलभराव की स्थिति बन गई। सड़क पर पानी जमा होने के कारण वाहन चालकों को पानी के बीच से होकर निकलना पड़ा। जलभराव के कारण सड़क पर बने गड्ढे दिखाई नहीं दे रहे थे, जिससे वाहन चालकों के लिए खतरा और बढ़ गया।

मसेनी से सेंट्रल जेल चौराहे की ओर जाने वाले मार्ग पर भी कई जगह सड़क की हालत खराब मिली। नेकपुर पुल से पहले सड़क उखड़ी हुई दिखाई दी। सड़क पर फैली गिट्टी के कारण दोपहिया वाहन चालकों को विशेष परेशानी हो रही है।

नेकपुर पुल के पास सड़क का किनारा कटा

बारिश का असर नेकपुर पुल के पास भी देखने को मिला। यहां पानी के बहाव से सड़क का किनारा कट गया है। करीब एक फीट गहरा गड्ढा बन गया है। सड़क का किनारा लगातार कमजोर होने से इसके और धंसने की आशंका बनी हुई है।

इस मार्ग पर लगातार भारी वाहनों की आवाजाही होती है। ऐसे में सड़क का किनारा और धंसने पर यातायात प्रभावित होने के साथ हादसे का खतरा भी बढ़ सकता है।

रिलायंस पेट्रोल टंकी के आगे भी सड़क दब गई

सेंट्रल जेल चौराहे की ओर जाने पर रिलायंस पेट्रोल टंकी के आगे भी सड़क कई स्थानों पर दब गई है। इन हिस्सों में बारिश का पानी जमा हो गया है। सड़क की सतह जगह-जगह खराब होने के कारण वाहन चालकों को संभलकर गुजरना पड़ रहा है।

सेंट्रल जेल चौराहे से आगे भी बारिश के बाद जलभराव के कारण सड़क क्षतिग्रस्त नजर आई। कई स्थानों पर सड़क की ऊपरी परत उखड़ी हुई थी और गिट्टी सड़क पर बिखरी मिली।

बारिश ने सामने ला दी पैचवर्क की गुणवत्ता

हाईवे पर हाल में कराए गए पैचवर्क के जल्दी खराब होने से सड़क की मरम्मत की गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं। जिन स्थानों पर गड्ढों को भरकर सड़क को ठीक किया गया था, उन्हीं में दोबारा पानी भरने और सड़क उखड़ने की स्थिति सामने आई है।

बारिश के दौरान सड़क पर जलभराव होने से समस्या और गंभीर हो गई। वाहन चालकों के लिए सबसे बड़ी परेशानी यह है कि पानी के नीचे सड़क की वास्तविक स्थिति दिखाई नहीं देती। ऐसे में गड्ढों में वाहन जाने पर अचानक झटका लगने की स्थिति बन रही है।

बारिश रुकने के बाद फिर होगी मरम्मत

एनएचएआई के साइट इंजीनियर विश्वास मिश्रा के अनुसार, अधिक बारिश होने के कारण कुछ स्थानों पर कराया गया पैचवर्क उखड़ गया है। उन्होंने बताया कि बारिश बंद होने के बाद सड़क की दोबारा मरम्मत कराई जाएगी।

अब देखना यह होगा कि बारिश थमने के बाद हाईवे की मरम्मत कितनी जल्दी शुरू होती है और इस बार सड़क की मरम्मत कितने समय तक टिकती है। फिलहाल लगातार बारिश के कारण हाईवे के कई हिस्सों में गड्ढों और जलभराव से राहगीरों की मुश्किलें बढ़ी हुई हैं।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article