
पुलिस टीम पर हमले, लूटपाट और सरकारी संपत्ति नुकसान मामले में लगातार दबिश
अमृतपुर/फर्रुखाबाद
थाना राजेपुर क्षेत्र के ग्राम चाचूपुर जटपुरा में 9 मई को हुए बवाल के बाद पुलिस प्रशासन पूरी तरह सख्त हो गया है। पुलिस अधीक्षक आरती सिंह के निर्देश पर उपद्रवियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने दो अलग-अलग मुकदमे दर्ज कर कई नामजद आरोपियों समेत दर्जनों अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया है।
पहला मुकदमा शराब ठेका प्रबंधक कुलदीप की तहरीर पर दर्ज किया गया, जिसमें कामेश, सुधीर, शिवरतन और ब्रजेश उर्फ भोला सहित अन्य अज्ञात लोगों को नामजद किया गया है। आरोप है कि उपद्रवियों ने शराब की दुकान में घुसकर गोलक में रखे करीब 10 हजार रुपये और सीसीटीवी डीवीआर लूट ली। इसके साथ ही सेल्समैन पर जानलेवा हमला करते हुए दुकान में आग लगाने का प्रयास किया गया। वहीं दूसरा मुकदमा थाना राजेपुर के उप निरीक्षक महेश कुमार की ओर से दर्ज कराया गया है। इस मुकदमे में कामेश, सुधीर, शिवरतन, कश्मीर, ब्रजेश उर्फ भोला, राजा, रजनीश, देशराज, विकास, ननकु, सत्यपाल, शिवम, गुड्डी देवी और सरोजनी समेत 14 लोगों को नामजद किया गया है, जबकि 25 से 30 अज्ञात महिला और पुरुषों को भी आरोपी बनाया गया है। दर्ज मुकदमों में बलवा, पुलिस टीम पर जानलेवा हमला, सरकारी कार्य में बाधा, राजकीय संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और सेवन क्रिमिनल लॉ एक्ट समेत कई गंभीर धाराएं लगाई गई हैं। बवाल के दौरान पुलिस पर हुए पथराव और हमले को प्रशासन ने बेहद गंभीरता से लिया है।
एसपी आरती सिंह ने साफ निर्देश दिए हैं कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार ने बताया कि गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है। पुलिस प्रशासन की सख्ती के चलते गांव में फिलहाल शांति व्यवस्था कायम है।


