अगले आदेश तक मोबाइल पर नहीं आएंगे चेतावनी संदेश
नई दिल्ली। पिछले कुछ दिनों से मोबाइल फोन पर तेज आवाज के साथ आने वाले इमरजेंसी अलर्ट संदेशों को लेकर केंद्र सरकार की ओर से बड़ा फैसला लिया गया है। नेशनल डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी (NDMA) ने सेल ब्रॉडकास्ट सर्विस को फिलहाल अस्थायी रूप से बंद कर दिया है। अधिकारियों के अनुसार यह निर्णय एहतियात के तौर पर लिया गया है और अगले आदेश तक यह सेवा बंद रहेगी।
गौरतलब है कि मई 2026 में शुरू की गई इस सेवा के माध्यम से मौसम संबंधी चेतावनियां, प्राकृतिक आपदाओं, बाढ़, आंधी-तूफान और अन्य आपातकालीन परिस्थितियों से जुड़े अलर्ट सीधे लोगों के मोबाइल फोन पर भेजे जाते थे। अलर्ट प्राप्त होने पर मोबाइल स्क्रीन पर विशेष संदेश दिखाई देता था और साथ ही तेज वार्निंग साउंड भी बजती थी, जिससे लोगों को तत्काल सतर्क किया जा सके।
NDMA के अधिकारियों ने बताया कि सेवा को अस्थायी रूप से रोका गया है और इसकी समीक्षा के बाद आगे का निर्णय लिया जाएगा। फिलहाल देशभर के मोबाइल उपभोक्ताओं को इमरजेंसी अलर्ट संदेश प्राप्त नहीं होंगे। हालांकि आपदा और मौसम संबंधी अन्य आधिकारिक माध्यमों से जारी सूचनाएं पहले की तरह जारी रहेंगी।


