थाना जहानगंज और महिला थाना पर गंभीर आरोप,न्याय न मिलने पर आत्महत्या की चेतावनी
फर्रुखाबाद। थाना जहानगंज क्षेत्र के ग्राम भड़ौसा निवासी एक युवती ने गांव के ही युवक पर शादी का झांसा देकर दो वर्षों तक शारीरिक शोषण करने, विरोध करने पर मारपीट करने और अब खुलेआम धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है और कार्रवाई न होने पर आत्महत्या तक की चेतावनी दी है, जिससे मामला बेहद संवेदनशील हो गया है।
पीड़िता के अनुसार गांव निवासी पिछले करीब दो वर्षों से उससे प्रेम संबंध बनाकर शादी का झांसा देता रहा और इसी बहाने उसके साथ शारीरिक संबंध बनाता रहा,17 अप्रैल 2026 को आरोपी उसे शादी का झांसा देकर कमालगंज क्षेत्र के एक होटल में ले गया, जहां उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया गया। इसके बाद उसे अपने घर ले जाकर परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर गाली गलौज और बेरहमी से मारपीट की गई, जिसमें उसे गंभीर चोटें आईं।घटना की जानकारी मिलने पर जब पीड़िता के परिजन मौके पर पहुंचे तो उनके साथ भी अभद्र व्यवहार किया गया। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी पक्ष दबंग प्रवृत्ति का है और लगातार जान माल की धमकी दे रहा है। इतना ही नहीं, आरोपी और उसके परिजन खुलेआम यह दावा कर रहे हैं कि उन्होंने थाना जहानगंज मे 2 लाख और महिला थाना एक लाख रूपये देकर सेटिंग कर ली है, इसलिए उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं होगी।
पीड़िता ने यह भी बताया कि वह पहले थाना जहानगंज गई, लेकिन वहां से कोई ठोस मदद नहीं मिली। इसके बाद पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देने पर मामला महिला थाना भेजा गया, लेकिन अब तक एफआईआर दर्ज नहीं की गई है। इस बीच आरोपी पक्ष द्वारा लगातार बदनामी और मानसिक प्रताड़ना किए जाने से वह गहरे सदमे में है।
पीड़िता ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और उसे तथा उसके परिवार को सुरक्षा प्रदान की जाए। फिलहाल इस पूरे प्रकरण ने पुलिस कार्यशैली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं, जबकि पीड़िता न्याय की आस में दर दर भटकने को मजबूर है।


