हरदोई: यूपी के हरदोई में चंडीगढ़ से गोरखपुर जा रही एक डबल डेकर बस (double-decker bus) सोमवार रात करीब साढ़े तीन बजे गंगा एक्सप्रेसवे (Ganga Expressway) पर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। चालक को झपकी आने के बाद बस 355 माइलस्टोन के पास अनियंत्रित होकर बीच की नाली में पलट गई, जिससे आठ यात्री घायल हो गए। हादसे के वक्त बस में सवार अधिकांश यात्री सो रहे थे। बस पलटते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।
सूचना मिलने पर पुलिस और एक्सप्रेसवे टीम मौके पर पहुंची। टीम ने बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालकर वाहनों के जरिए सीएचसी पहुंचाया। घायलों में तेलीबाग निवासी मनोज, सैय्यद अली, उनकी पत्नी ठाकुरगंज, लखनऊ निवासी शाहीन, झुंझुनूं, राजस्थान निवासी अंकित और बसंतपुरवा, लखनऊ निवासी आदित्य शामिल हैं।
इसके अलावा साहबगंज, लखनऊ निवासी गणेश गुप्ता तथा शिवमऊ, फर्रुखाबाद निवासी एलन सिंह और उनकी पत्नी भगवती भी हादसे में घायल हुए। सीएचसी में सभी घायलों का प्राथमिक उपचार किया गया। मनोज और शाहीन की हालत गंभीर होने पर दोनों को मेडिकल कॉलेज हरदोई रेफर कर दिया गया। अन्य घायलों को उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
हादसे के बाद बस चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। कोतवाल मनोज सिंह ने बताया कि दुर्घटना में आठ यात्री घायल हुए थे। उन्होंने बताया कि दो यात्रियों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें मेडिकल कॉलेज हरदोई भेजा गया है, जबकि अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। पुलिस फरार चालक की तलाश कर रही है।


