लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सोमवार को भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए एक्सप्रेस-वे निर्माण से लेकर महंगाई, बेरोजगारी और कानून-व्यवस्था तक कई गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में बजट की लूट और 60 प्रतिशत कमीशन का खेल चल रहा है। कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर 118 स्थानों पर सड़क टूटने और गड्ढे होने का दावा करते हुए उन्होंने कहा कि सड़क बनाने वाली कंपनी को बोनस दिया गया और दूसरी जगह भी काम दे दिया गया।
सपा मुख्यालय में प्रेस कांफ्रेंस के दौरान अखिलेश ने कहा कि सरकार भ्रष्टाचार उजागर करने वालों को डराने-धमकाने में लगी है। एआई से विपक्ष के खिलाफ वीडियो बनाए जाने पर उन्होंने कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता का इस्तेमाल समाज में अच्छाई लाने के लिए होना चाहिए, न कि नकारात्मक राजनीति के लिए। उन्होंने इसके उपयोग से किसानों को मौसम और फसल की बीमारी की जानकारी तथा गरीबों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं दिलाने की जरूरत बताई।
अखिलेश ने प्रदेश की बाढ़ की स्थिति को लेकर भी सरकार को घेरा। उन्होंने वाराणसी, गोरखपुर, प्रयागराज और कानपुर में जलभराव का मुद्दा उठाते हुए कहा कि भारी बजट खर्च होने के बावजूद शहरों में पानी भर रहा है और निर्माण कार्य ढह रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार प्रदेश को सांप्रदायिक रास्ते पर ले जाने की कोशिश कर रही है। सपा भाईचारा बढ़ाने और सभी धर्मों को सम्मान देने के लिए काम करेगी।
उन्होंने कहा कि महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार चरम पर हैं तथा सरकार स्वास्थ्य और शिक्षा व्यवस्था को बर्बाद कर रही है। सहारनपुर जा रहे सपा सांसदों और विधायकों को रोके जाने पर उन्होंने पुलिस पर भी निशाना साधते हुए कहा कि अपराधियों को पकड़ने के बजाय राजनीतिक लोगों की घेराबंदी की जा रही है।
इससे पहले सपा मुख्यालय में बाबू जगदेव प्रसाद कुशवाहा के शहादत दिवस पर कुशवाहा, शाक्य, मौर्य और सैनी समाज का सम्मेलन हुआ। अखिलेश यादव ने सामाजिक न्याय और पीडीए की एकजुटता का आह्वान करते हुए कहा कि सपा सरकार बनने पर चक्रवर्ती सम्राट अशोक की जयंती पर अवकाश घोषित किया जाएगा तथा लखनऊ के गोमती रिवर फ्रंट पर बाबू जगदेव प्रसाद कुशवाहा की प्रतिमा और स्मारक बनाया जाएगा।


