35 C
Lucknow
Saturday, May 23, 2026

सीएचसी कमालगंज में गंदगी पर डीएम सख्त, स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने के दिए निर्देश

Must read

 

फर्रुखाबाद। जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने शनिवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कमालगंज का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मचा दिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं, साफ-सफाई व्यवस्था, मरीजों को दी जा रही सुविधाओं और बायो मेडिकल वेस्ट प्रबंधन का गहन निरीक्षण किया। कई व्यवस्थाओं में खामियां मिलने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सबसे पहले रजिस्ट्रेशन काउंटर का निरीक्षण किया और रजिस्ट्रेशन रजिस्टर का अवलोकन किया। जांच में पता चला कि शुक्रवार को करीब 200 मरीजों के पर्चे बनाए गए थे। इस पर डीएम ने निर्देश दिए कि प्रत्येक मरीज की आभा आईडी अनिवार्य रूप से बनाई जाए, ताकि मरीजों का डिजिटल स्वास्थ्य रिकॉर्ड व्यवस्थित तरीके से सुरक्षित रखा जा सके और भविष्य में उपचार संबंधी जानकारी आसानी से उपलब्ध हो।

आयुष ओपीडी के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने वहां उपलब्ध दवाओं की सूची सार्वजनिक रूप से चस्पा कराने के निर्देश दिए। वहीं अस्पताल में बेडशीट और बाथरूम गंदे पाए जाने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जाहिर की और तत्काल साफ-सफाई सुनिश्चित कराने के आदेश दिए। डीएम ने कहा कि अस्पताल में स्वच्छता व्यवस्था किसी भी हालत में प्रभावित नहीं होनी चाहिए, क्योंकि इसका सीधा असर मरीजों के स्वास्थ्य पर पड़ता है।

बायो मेडिकल वेस्ट प्रबंधन व्यवस्था की जांच के दौरान डस्टबिन निर्धारित कलर कोडिंग के अनुरूप नहीं पाए गए। कई स्थानों पर गंदगी भी दिखाई दी। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाते हुए निर्देश दिए कि बायो मेडिकल वेस्ट का निस्तारण शासन द्वारा निर्धारित मानकों के अनुसार ही किया जाए और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।

डीएम डॉ. अंकुर लाठर ने चिकित्सकों को निर्देशित किया कि मरीजों को दिए जाने वाले दवा पर्चों पर दवाओं की सही डोज और सेवन की अवधि स्पष्ट रूप से लिखी जाए, ताकि मरीजों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। इसके अलावा ड्रग हाउस में उपलब्ध सभी दवाओं की सूची प्रत्येक चिकित्सक कक्ष में प्रदर्शित करने तथा दवाओं का पूरा डाटा कम्प्यूटर में सुरक्षित रखने के भी निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस दौरान अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रंजन गौतम समेत संबंधित अधिकारी और स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article