फर्रुखाबाद। शहर में महिलाओं के लिए सार्वजनिक शौचालय और यूरिनल की कमी को लेकर अब आवाज तेज होने लगी है। भारतीय महिला उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल ने जिलाधिकारी को ज्ञापन भेजकर नगर के प्रमुख बाजारों, सार्वजनिक स्थलों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में महिला वाशरूम स्थापित कराए जाने की मांग उठाई है। संगठन ने कहा कि वर्तमान में शहर की स्थिति ऐसी है कि महिलाओं को घर से बाहर निकलने पर भारी असुविधा का सामना करना पड़ता है।
संगठन की जिला अध्यक्ष प्रीति तिवारी के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि नगर पालिका द्वारा शहर के मुख्य बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं के लिए पर्याप्त यूरिनल और बाथरूम की व्यवस्था नहीं की गई है। इसका सबसे अधिक असर बाजार आने वाली महिलाओं, छात्राओं, बुजुर्ग महिलाओं तथा बाहर से आने वाली महिला यात्रियों पर पड़ रहा है।
ज्ञापन में कहा गया कि पुरुषों की तुलना में महिलाओं के लिए सार्वजनिक सुविधाएं बेहद कम हैं। कई स्थानों पर शौचालय बने भी हैं तो उनकी स्थिति खराब है या वहां महिलाओं के उपयोग की उचित व्यवस्था नहीं है। गर्मी के मौसम में यह समस्या और गंभीर हो जाती है। महिलाओं को मजबूरी में घंटों तक असुविधा झेलनी पड़ती है, जिससे स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां भी बढ़ रही हैं।
प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि शहर के मुख्य बाजार, बस अड्डा, रेलवे स्टेशन के आसपास, अस्पतालों के निकट तथा प्रमुख चौराहों पर महिला वाशरूम और यूरिनल शीघ्र स्थापित कराए जाएं। साथ ही उनकी नियमित सफाई और सुरक्षा की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए ताकि महिलाएं बिना किसी परेशानी के उनका उपयोग कर सकें।
संगठन पदाधिकारियों ने कहा कि महिला सुरक्षा और सम्मान की बात तभी सार्थक होगी जब महिलाओं की मूलभूत सुविधाओं पर भी गंभीरता से कार्य किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द व्यवस्था नहीं की गई तो संगठन आगे आंदोलन करने को बाध्य होगा।
सार्वजनिक स्थानों पर महिला वाशरूम की मांग , व्यापार मंडल ने डीएम को भेजा ज्ञापन


