पीड़िता ने जिलाधिकारी डॉक्टर अंकुर लेटर से लगाई न्याय की गुहार
फर्रुखाबाद। मोहम्मदाबाद क्षेत्र की एक महिला ने सामुदायिक शौचालय में वर्षों तक कार्य कराने के बावजूद मानदेय का भुगतान न किए जाने का आरोप ग्राम प्रधान और पंचायत सचिव पर लगाया है। पीड़िता ने जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर को शिकायती पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
मोहम्मदाबाद विकासखंड के ग्राम पंचायत जाजपुर गोवा निवासी रानी देवी पत्नी राकेश सिंह ने जिलाधिकारी को दिए गए प्रार्थना पत्र में बताया कि वह पिछले पांच वर्षों से सामुदायिक शौचालय की नियमित साफ-सफाई का कार्य कर रही हैं। आरोप है कि इस अवधि में उन्हें केवल तीन माह का ही मानदेय दिया गया, जबकि शेष भुगतान आज तक नहीं किया गया। उनका कहना है कि ग्राम प्रधान संध्या यादव और पंचायत सचिव अवधेश बाथम लगातार आश्वासन देकर टालते रहे।
पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि ग्राम प्रधान और सचिव ने मिलीभगत कर दूसरी महिला को 300 रुपये प्रतिदिन की दर से कार्य पर रख लिया। उक्त महिला खरौआ पुलिया, नीम करोली की निवासी बताई गई है, जो ग्राम पंचायत फगुनातनपुर की रहने वाली है।
रानी देवी का कहना है कि वह पिछले दो वर्षों से कई बार संबंधित अधिकारियों को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग कर चुकी हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने शिकायत का संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को मामले की निष्पक्ष जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
वहीं, इस संबंध में ग्राम प्रधान संध्या यादव का पक्ष जानने के लिए संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका मोबाइल फोन बंद मिला।
पांच साल से नहीं मिला मानदेय, महिला ने ग्राम प्रधान व सचिव पर लगाया गंभीर आरोप


