शाहजहांपुर। पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से स्थापित अटल सहजन वन का मंगलवार को जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने निरीक्षण किया। यह वन विकास खंड भावलखेड़ा की ग्राम पंचायत तुर्की खेड़ा में 18 जुलाई को स्थापित किया गया था। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सहजन के पौधों की वृद्धि का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने पौधों के आसपास की मिट्टी को सुरक्षित रखने और कमजोर पौधों को सहारा देने के लिए बांस की डंडियों का उपयोग करने को कहा, ताकि उनकी बेहतर वृद्धि हो सके। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जहां पौधे नहीं पनप पाए हैं, वहां पुनः पौधरोपण कराया जाए। साथ ही सिंचाई व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए ड्रिप इरिगेशन और सोलर पंप लगाने के भी निर्देश दिए। उन्होंने वन के मुख्य द्वार पर बने केयरटेकर कक्ष की पुताई कराने को भी कहा। इसके बाद जिलाधिकारी ने ग्राम तुर्की खेड़ा स्थित गौशाला का निरीक्षण किया। यहां साफ-सफाई और रखरखाव की व्यवस्था पर संतोष जताते हुए उन्होंने ग्राम प्रधान की सराहना की। गौशाला में दो अतिरिक्त टीन शेड बनवाने के निर्देश दिए गए। साथ ही चारा भूमि पर वृक्षारोपण से पहले मिट्टी की जांच (स्वाइल टेस्ट) कराने को कहा गया। इस मौके पर जिला उद्यान अधिकारी पुनीत पाठक, अन्य अधिकारी, ग्राम प्रधान और ग्रामीण मौजूद रहे।


