36.4 C
Lucknow
Sunday, June 14, 2026

बेटे धैर्य के जन्मोत्सव में उमड़ा पीडीए का जनसैलाब, गदगद सांसद डिम्पल और शिवपाल

Must read

– डॉ. नवल किशोर शाक्य के बढ़ते राजनीतिक कद ने खींचा प्रदेश का ध्यान
– अम्पायर रेज़ॉर्ट का हुआ उद्घाटन, बोलीं प्रियंका शाक्य जीवन की सबसे बड़ी ख़ुशी

लखनऊ। राजधानी लखनऊ के आईआईएम रोड स्थित एम्पायर रिसोर्ट रविवार को राजनीतिक और सामाजिक शक्ति प्रदर्शन का केंद्र बन गया। समाजवादी पार्टी सांसद डिंपल यादव और वरिष्ठ नेता शिवपाल सिंह यादव यहां फर्रुखाबाद के चर्चित समाजवादी नेता एवं पूर्व लोकसभा प्रत्याशी डॉ. नवल किशोर शाक्य तथा उनकी पत्नी प्रियंका शाक्य के पुत्र धैर्य के प्रथम जन्मोत्सव एवं एम्पायर रिसोर्ट के उद्घाटन समारोह में शामिल होने पहुंचे। कार्यक्रम में उमड़ी भारी भीड़ ने इसे एक पारिवारिक आयोजन से कहीं आगे राजनीतिक महत्व का कार्यक्रम बना दिया।

प्रदेश के लगभग सभी जिलों से पहुंचे पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) विचारधारा से जुड़े हजारों समर्थकों, बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर और भगवान बुद्ध के अनुयायियों की मौजूदगी ने कार्यक्रम को विशेष पहचान दी। आयोजन स्थल पर जुटे जनसैलाब को देखकर समाजवादी पार्टी के शीर्ष नेता भी उत्साहित नजर आए।

राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय यह रहा कि डॉ. नवल किशोर शाक्य ने बीते कुछ वर्षों में फर्रुखाबाद सहित पूरे प्रदेश में पिछड़े वर्ग के प्रभावशाली चेहरे के रूप में अपनी अलग पहचान बनाई है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी उन्हें लगातार संगठन और चुनावी राजनीति में आगे बढ़ाने का काम किया है। यही वजह है कि लोकसभा चुनाव में बेहद कम अंतर से हारने के बावजूद उनका राजनीतिक प्रभाव लगातार बढ़ता दिखाई दे रहा है।

कार्यक्रम में मौजूद नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच यह चर्चा भी जोर पकड़ती रही कि आने वाले विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी फर्रुखाबाद की राजनीति में डॉ. नवल किशोर शाक्य और उनके परिवार को बड़ी जिम्मेदारी दे सकती है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यदि पार्टी रणनीतिक फैसला लेती है तो स्वयं डॉ. नवल किशोर शाक्य या उनकी पत्नी प्रियंका शाक्य को विधानसभा चुनाव में मैदान में उतारा जा सकता है।

डिंपल यादव और शिवपाल सिंह यादव की मौजूदगी को भी राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। दोनों नेताओं ने कार्यकर्ताओं से संवाद करते हुए संगठन की मजबूती और सामाजिक न्याय की राजनीति को आगे बढ़ाने का संदेश दिया। कार्यक्रम में मौजूद लोगों का उत्साह इस बात का संकेत देता रहा कि पीडीए की राजनीति को लेकर समाजवादी पार्टी ग्रामीण और पिछड़े वर्गों में अपना आधार और मजबूत करने की कोशिश में जुटी हुई है।

फर्रुखाबाद की राजनीति में डॉ. नवल किशोर शाक्य का बढ़ता प्रभाव अब केवल जिले तक सीमित नहीं रह गया है। लखनऊ में आयोजित इस भव्य समारोह ने यह संदेश देने का प्रयास किया कि समाजवादी पार्टी के नए सामाजिक समीकरणों में डॉ. नवल किशोर शाक्य एक महत्वपूर्ण कड़ी बनकर उभर रहे हैं। आने वाले विधानसभा चुनावों में उनकी भूमिका क्या होगी, यह भविष्य तय करेगा, लेकिन जन्मोत्सव के बहाने हुए इस शक्ति प्रदर्शन ने राजनीतिक हलकों में नई चर्चाओं को जरूर जन्म दे दिया है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article