लखनऊ। देश में ‘वन नेशन, वन इलेक्शन’ की प्रस्तावित व्यवस्था को लेकर उत्तर प्रदेश में मंथन का दौर जारी है। इसी क्रम में सोमवार को लखनऊ में दूसरे चरण की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न विभागों और संस्थानों के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक में बार काउंसिल, रेलवे, स्वास्थ्य विभाग सहित विभिन्न संस्थानों के अधिकारियों को आमंत्रित किया गया। बैठक का उद्देश्य एक साथ चुनाव कराने की संभावित व्यवस्था, प्रशासनिक तैयारियों, कानूनी पहलुओं और विभागीय समन्वय पर सुझाव प्राप्त करना है।
इससे पहले आयोजित प्रथम चरण की बैठक में प्रदेश के वरिष्ठ आईएएस और आईपीएस अधिकारियों ने भाग लिया था। उस बैठक में अपर मुख्य सचिव (गृह) संजय प्रसाद भी शामिल हुए थे और प्रशासनिक तैयारियों से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई थी।
दूसरे चरण की इस बैठक में विभिन्न विभागों से सुझाव लेकर प्रस्तावित व्यवस्था के व्यावहारिक पक्षों का आकलन किया जा रहा है। माना जा रहा है कि प्राप्त सुझावों के आधार पर आगे की कार्ययोजना तैयार की जाएगी।
वन नेशन-वन इलेक्शन पर मंथन तेज, लखनऊ में दूसरे चरण की बैठक


