– “सपा पीछे हटने वाली नहीं”
इटावा/लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इटावा के चकरनगर में आयोजित श्री विष्णु महायज्ञ 108 कुण्डलीय कार्यक्रम में शामिल होकर प्रसाद ग्रहण किया और संतों का आशीर्वाद लिया, लेकिन इसके साथ ही उन्होंने प्रदेश और देश की राजनीति पर तीखे हमलों की झड़ी लगा दी।
अखिलेश यादव ने साफ कहा कि समाजवादी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ लगातार अन्याय हो रहा है और अगर जरूरत पड़ी तो पार्टी बड़ा फैसला लेने से पीछे नहीं हटेगी। यह बयान सीधे तौर पर राजनीतिक संघर्ष को तेज करने का संकेत माना जा रहा है।
उन्होंने पश्चिम बंगाल की राजनीति पर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि वहां मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ऐतिहासिक जीत की ओर बढ़ रही हैं। यह बयान विपक्षी एकजुटता के संकेत के रूप में देखा जा रहा है।
सपा प्रमुख ने ब्राह्मण समाज के मुद्दे को उठाते हुए कहा कि उनके साथ अन्याय कोई नई बात नहीं है। साथ ही उन्होंने शहीदों के सम्मान को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए और पूछा कि पहलगाम और पुलवामा के शहीदों को कितना सम्मान दिया गया।
स्वास्थ्य व्यवस्था पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि सरकारी अस्पतालों की हालत बेहद खराब है“अगर दाहिने हाथ में पट्टी बंधवानी हो तो बाएं हाथ में बांध दी जाती है।” यह बयान स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़ा करता है।
बिजली के मुद्दे पर भी अखिलेश यादव ने सरकार को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले 10 वर्षों में कोई नया थर्मल पावर प्लांट नहीं लगाया गया और सोलर प्रोजेक्ट्स भी चुनिंदा लोगों को लाभ पहुंचाने के लिए लगाए गए। उन्होंने स्मार्ट मीटर को जनता को परेशान करने वाला कदम बताया।
उन्होंने कानून व्यवस्था और जमीन से जुड़े मामलों पर भी आरोप लगाते हुए कहा कि जहां जमीन खाली करानी होती है, वहां आग लगवाने जैसी घटनाएं कराई जाती हैं। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि भाजपा के पास जवाब नहीं होता तो वह एफआईआर का सहारा लेती है और वोट के लिए आरक्षण जैसे मुद्दों का इस्तेमाल किया जा रहा है।


