क्रासर
रामलीला मैदान के पास घात लगाकर वार करने का आरोप, पुलिस ने एक आरोपी का शांतिभंग में चालान किया
शमशाबाद/फर्रुखाबाद। शमशाबाद थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह बाजार जा रहे एक साइकिल सवार युवक पर लाठी-डंडों और धारदार हथियार से हमला कर दिया गया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को चिकित्सीय परीक्षण के लिए भेजा तथा कार्रवाई करते हुए एक आरोपी का शांतिभंग की आशंका में चालान कर दिया।
जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के गांव ऊगरपुर निवासी चमन पांडे पुत्र कल्लू पांडे शुक्रवार सुबह साइकिल से शमशाबाद स्थित एक चिकित्सक के क्लीनिक जा रहे थे। आरोप है कि अलेपुर-शमशाबाद मार्ग पर रामलीला मैदान के निकट पहले से घात लगाए बैठे गांव के ही अनुराग और उसके साथियों ने उन्हें घेर लिया और लाठी-डंडों तथा धारदार हथियार से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में चमन पांडे गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
घटना की सूचना मिलते ही घायल युवक की मां सुधा देवी परिजनों के साथ मौके पर पहुंचीं और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर शमशाबाद थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने घेराबंदी कर संदिग्ध आरोपियों को हिरासत में लिया तथा घायल युवक को उपचार एवं चिकित्सीय परीक्षण के लिए भेज दिया।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि हमला पूर्व नियोजित था और आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से वार किए। घटना के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए तनाव का माहौल भी बना रहा।
थाना पुलिस के अनुसार मामले में प्रारंभिक कार्रवाई करते हुए आरोपी अनुराग का शांतिभंग की आशंका के तहत चालान कर दिया गया है। पुलिस का कहना है कि पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है। यदि जांच में अन्य आरोप या साक्ष्य सामने आते हैं तो नियमानुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
बाजार जा रहे साइकिल सवार पर लाठी-डंडों व धारदार हथियार से हमला, युवक गंभीर घायल


