आलोक सिंह के घर ईडी की छापेमारी जारी, 24 घंटे से अधिक समय से जांच
लखनऊ। राजधानी लखनऊ में कोडीन कफ सिरप तस्करी से जुड़े मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की बड़ी कार्रवाई जारी है। सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र में स्थित आलोक सिंह के आवास पर ईडी की छापेमारी पिछले 24 घंटे से अधिक समय से लगातार चल रही है।
सूत्रों के अनुसार ईडी की टीम महिला सुरक्षा कर्मियों के साथ आलोक सिंह के घर पर मौजूद है और दस्तावेजों, इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों तथा संदिग्ध लेन-देन से जुड़े रिकॉर्ड की गहन जांच की जा रही है।
बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई कोडीन युक्त कफ सिरप की अवैध तस्करी से जुड़े आर्थिक नेटवर्क को खंगालने के लिए की जा रही है। ईडी की टीम बैंक खातों, संपत्तियों और अन्य वित्तीय दस्तावेजों की बारीकी से पड़ताल कर रही है।
छापेमारी के दौरान इलाके में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। किसी भी बाहरी व्यक्ति को आवास के अंदर जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है। स्थानीय पुलिस भी मौके पर तैनात है।
फिलहाल प्रवर्तन निदेशालय की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। जांच पूरी होने के बाद ही छापेमारी से जुड़े तथ्यों और आगे की कार्रवाई को लेकर स्थिति स्पष्ट होने की संभावना है।
लगातार 24 घंटे से अधिक समय तक चल रही ईडी की कार्रवाई को लेकर इलाके में चर्चाओं का माहौल बना हुआ है। लोग इस कार्रवाई को कोडीन सिरप तस्करी के बड़े नेटवर्क से जोड़कर देख रहे हैं।






