डंपर और ऑटो की जोरदार टक्कर, चार लोग गंभीर घायल
उन्नाव। जिले में एक बड़ा और दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। अजगैन थाना क्षेत्र के मकूर गांव के पास डंपर और ऑटो की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में ऑटो सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार डंपर की रफ्तार काफी तेज थी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए और शव वाहन में ही बुरी तरह फंस गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही अजगैन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला और एंबुलेंस से जिला अस्पताल भिजवाया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस ने तीनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतकों की पहचान कराने की प्रक्रिया जारी है।
दुर्घटना के कारण कुछ समय के लिए सड़क पर यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने डंपर और क्षतिग्रस्त ऑटो को हटवाकर मार्ग सुचारू कराया।
पुलिस का कहना है कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रथम दृष्टया तेज रफ्तार और लापरवाही को दुर्घटना की वजह माना जा रहा है।





