नई दिल्ली। स्वतंत्रता दिवस के कांग्रेस कार्यक्रम में राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है। अधिवक्ता शुभ शर्मा ने दिल्ली के आईपी एस्टेट थाने में कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के खिलाफ शिकायत दी है। शिकायत में 15 अगस्त को एआईसीसी मुख्यालय में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान वंदे मातरम के गायन में कथित रूप से जानबूझकर व्यवधान डालने का आरोप लगाया गया है।
शिकायतकर्ता ने पुलिस से मामले की जांच कर उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है। शिकायत के मुताबिक, कांग्रेस मुख्यालय में स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान वंदे मातरम का गायन हो रहा था। इसी दौरान कथित तौर पर ऐसी गतिविधियां हुईं, जिन्हें शिकायतकर्ता ने राष्ट्रगीत के सम्मान में बाधा के रूप में बताया है।
हालांकि, शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि कार्यक्रम के दौरान वास्तव में क्या हुआ और क्या किसी तरह का जानबूझकर व्यवधान डाला गया था।
कर्नाटक में भी शिकायत: इससे पहले कर्नाटक के मंगलूरू में भाजपा नेताओं ने भी सोनिया गांधी के खिलाफ उरवा थाने में लिखित शिकायत दी थी। यह शिकायत दिल्ली में कांग्रेस मुख्यालय पर वंदे मातरम के दौरान सोनिया गांधी के कथित हाव-भाव को लेकर उठे विवाद के बाद की गई।
वंदे मातरम को लेकर शुरू हुआ विवाद अब राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप से आगे बढ़कर पुलिस शिकायतों तक पहुंच गया है। भाजपा नेताओं की ओर से सोनिया और राहुल गांधी से माफी की मांग भी की जा रही है, जबकि पूरे मामले की वास्तविक स्थिति जांच के बाद ही साफ होगी।


