लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को प्रदेश के 78 हजार से अधिक उचित दर विक्रेताओं यानी कोटेदारों को बड़ी सौगात देंगे। सरकार ने कोटेदारों का लाभांश 90 रुपये से बढ़ाकर 125 रुपये प्रति कुंतल करने का निर्णय लिया है। इससे प्रदेशभर के राशन विक्रेताओं को आर्थिक राहत मिलने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री सोमवार सुबह 9:30 बजे लोक भवन सभागार में सिंगल स्टेज डोर-स्टेप डिलीवरी के तहत ई-पॉस आधारित उचित दर विक्रेता फीडबैक प्रणाली का शुभारंभ करेंगे। इस व्यवस्था के माध्यम से राशन विक्रेताओं के अनुभव और समस्याओं की जानकारी सीधे डिजिटल माध्यम से दर्ज की जा सकेगी।
नई प्रणाली से राशन वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता बढ़ाने और उचित दर विक्रेताओं की वास्तविक स्थिति का फीडबैक शासन तक पहुंचाने में मदद मिलेगी। ई-पॉस मशीन के माध्यम से फीडबैक दर्ज होने से व्यवस्था की निगरानी भी आसान होगी।
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक के अलावा खाद्य एवं रसद मंत्री मनोज कुमार पाण्डेय तथा राज्य मंत्री सतीश चंद्र शर्मा मौजूद रहेंगे। मुख्यमंत्री इसके बाद गोरखपुर पहुंचकर पहलवानों को भी सम्मानित करेंगे।
सरकार के इस फैसले को प्रदेश के हजारों कोटेदारों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। लाभांश में 35 रुपये प्रति कुंतल की बढ़ोतरी से राशन वितरण से जुड़े विक्रेताओं की आय में भी वृद्धि होगी।


