बिजनौर: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi) ने बिजनौर (Bijnor) में एक जनसभा को संबोधित करते हुए बेहद आक्रामक और भावुक रूप में नजर आए। इस दौरान उन्होंने गौ माता को लेकर भी बड़ा बयान दिया और कांग्रेस पर भी जमकर निशाना साधा। साथ हीसीएम ने हाल में गाजियाबाद में हुई एक घटना का जिक्र करते हुए ‘दोस्ती के नाम पर धोखेबाजी’ करने वालों को खुली चेतावनी दी।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने हाल में ही में गाजियाबाद में हुई सूर्या हत्याकांड का जिक्र करते हुए ‘दोस्ती के नाम पर धोखेबाजी’ करने वालों को खुली चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि दोस्ती की आड़ में छुरेबाजी और विश्वासघात का धंधा अब उत्तर प्रदेश में कतई नहीं चलेगा। अगर कोई अपनी नालायक औलाद को समझा नहीं पा रहा है, तो समझो कि वो गलती कर रहा है। हम सबको ध्यान में रखना होगा कि अहिंसा और करुणा मानवता के भूषण हैं किंतु शस्त्र उठाना होगा अगर सामने खर दूषण हैं।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने गोवंश की सुरक्षा और गाय को लेकर राजनीति करने वालों पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि गाय हमारी आस्था का केंद्र है और इसके साथ खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। गोमाता तो स्वघोषित ‘राष्ट्रमाता’ हैं, किसी को घोषित करने की आवश्यकता नहीं है। जो लोग गाय को महज एक साधारण ‘पशु’ कहते हैं, उनकी बुद्धि पूरी तरह भ्रष्ट हो चुकी है। हमने आदिकाल से गौ और गंगा को अपनी माता माना है।
राजनीतिक संदेशों के साथ-साथ सीएम योगी ने मंच से 1,645 विस्थापित हिंदू परिवारों के जीवन में आए इस ऐतिहासिक बदलाव पर खुशी जाहिर की। इन परिवारों को अब उत्तर प्रदेश में कानूनी मान्यता, जमीन का मालिकाना हक और पक्के मकान मिल गए हैं, जिससे उनकी सामाजिक और आर्थिक सुरक्षा हमेशा के लिए सुनिश्चित हो गई है। इसके साथ ही देश की सीमा पर शौर्य दिखाने वाले 50 पूर्व सैनिकों को भी भूमि अधिकार पत्र देकर सम्मानित किया गया।


