34.6 C
Lucknow
Saturday, July 25, 2026

जालौन में सीएम योगी का विपक्ष पर तीखा हमला, 1,275 करोड़ की 375 विकास परियोजनाओं की दी सौगात

Must read

 

– अब जालौन दस्यु नहीं, विकास और उद्योग का नया केंद्र बन रहा

जालौन। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को जालौन दौरे के दौरान 1,275 करोड़ की लागत वाली 375 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। उरई स्थित स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को चेक, प्रमाणपत्र और स्वीकृति पत्र वितरित किए। इस दौरान मुख्यमंत्री ने विपक्ष, विशेषकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए बुंदेलखंड के पिछड़ेपन, पलायन और दस्यु समस्या के लिए पूर्ववर्ती सरकारों को जिम्मेदार ठहराया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यमुना, बेतवा और पहूज जैसी नदियों से समृद्ध क्षेत्र होने के बावजूद जालौन और बुंदेलखंड वर्षों तक विकास से वंचित रहे। उन्होंने कहा कि जिन लोगों की नीतियों और काले कारनामों के कारण यह क्षेत्र दस्यु प्रभावित बना और पलायन के लिए मजबूर हुआ, वही आज घड़ियाली आंसू बहाकर युवाओं को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि आज बुंदेलखंड की पहचान बदल रही है। 56 हजार एकड़ क्षेत्र में विकसित हो रही औद्योगिक टाउनशिप, बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे, फोरलेन सड़कें, डिफेंस कॉरिडोर और प्रस्तावित डेटा सेंटर जैसी परियोजनाएं इस क्षेत्र को निवेश और रोजगार का नया केंद्र बनाएंगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जीआई टैग मिलने के बाद कालपी का पारंपरिक हैंडमेड कागज अब ऑस्ट्रेलिया, कनाडा, अमेरिका, जर्मनी और जापान सहित कई देशों तक पहुंच चुका है। इससे स्थानीय कारीगरों और उद्यमियों के लिए नए बाजार खुले हैं और क्षेत्र की आर्थिक पहचान मजबूत हुई है।
सीएम योगी ने कहा कि कोंच की रामलीला ने लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में स्थान बनाकर जिले का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने महर्षि वेदव्यास की जन्मभूमि, कालपी के ऐतिहासिक महत्व और रानी लक्ष्मीबाई, तात्या टोपे तथा नाना साहेब पेशवा की वीरगाथाओं का भी उल्लेख किया।
मुख्यमंत्री ने कानून-व्यवस्था पर सरकार की नीति दोहराते हुए कहा कि अब अपराधियों के लिए केवल दो ही स्थान हैं जेल या जहन्नुम। उन्होंने कहा कि संगठित अपराध में शामिल माफियाओं की ₹600 करोड़ से अधिक की संपत्तियां जब्त की जा चुकी हैं। साथ ही चेतावनी दी कि नकल माफिया के खिलाफ भी कठोर कार्रवाई होगी। परीक्षा में धांधली करने वालों को 10 वर्ष से लेकर आजीवन कारावास तथा ₹10 करोड़ तक जुर्माने का प्रावधान लागू किया गया है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article