फतेहपुर
जनपद में पुलिस ने दुष्कर्म, मारपीट और रंगदारी जैसे गंभीर मामलों में फरार चल रहे एक लाख रुपये के इनामी आरोपी बबलू सिंगरौर को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी है, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के बाद पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया।
जानकारी के अनुसार खागा कोतवाली क्षेत्र के एक बाग में आरोपी बबलू सिंगरौर ने युवती को उसके मंगेतर के सामने निशाना बनाया था। आरोप है कि उसने युवती के साथ दुष्कर्म किया, मारपीट की और अश्लील वीडियो बनाकर रुपये की वसूली भी की। घटना सामने आने के बाद से आरोपी फरार चल रहा था और पुलिस ने उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा था।
पुलिस को देर रात सूचना मिली कि आरोपी अपने किसी परिचित के यहां शरण लेने के लिए आने वाला है। इसके बाद पुलिस टीमों ने सुल्तानपुर घोष और खागा कोतवाली क्षेत्र की सीमा पर बुदवन-प्रेमनगर मार्ग के आसपास घेराबंदी शुरू कर दी। ससुर खदेरी नदी पुल के पास बरकतपुर और भादर गांव के बीच पुलिस को आरोपी दिखाई दिया।
पुलिस के मुताबिक घेराबंदी देख आरोपी ने भागने का प्रयास किया और फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली आरोपी के दोनों पैरों में लगी, जिसके बाद उसे दबोच लिया गया। मौके से हथियार भी बरामद किए गए हैं।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक, अपर पुलिस अधीक्षक और क्षेत्राधिकारी ने मुठभेड़ स्थल का निरीक्षण किया। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर उसके नेटवर्क और अन्य मामलों की जानकारी जुटाने में लगी है।


