चंदौली: चंदौली (Chandauli) में थाना क्षेत्र के चकिया-चंदौली मार्ग पर रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे (road accidents) में 20 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक वृद्ध गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया।
बता दें कि सेमरा गांव निवासी रोहन विश्वकर्मा (20) चंदौली अस्पताल से उपचार कराकर सवारी ऑटो से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान ऑटो जैसे ही मचवल गांव के समीप पहुंचा, सामने अचानक एक बाइक आ जाने से चालक वाहन से संतुलन खो बैठा। नियंत्रण बिगड़ने के बाद ऑटो सड़क किनारे खड़े यूकेलिप्टस के पेड़ से जा टकराया। टक्कर इतनी तेज थी कि ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में रोहन विश्वकर्मा की मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं ऑटो में सवार राजकुमार गौतम (59), निवासी टेनुवर गांव, थाना सकलडीहा गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें सिर और पैर में गंभीर चोटें आई हैं। घटना के बाद ऑटो चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा और मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
एसएसआई प्रभुनाथ यादव ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घायल का इलाज जारी है। परिजनों की ओर से तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फरार ऑटो चालक की तलाश की जा रही है।


