फर्रुखाबाद। मोहम्मदाबाद थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को शोक में डुबो दिया। खेत की रखवाली कर रहे एक किसान की ट्रेन की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई और गांव में मातम छा गया।
जानकारी के अनुसार, मोहम्मदाबाद थाना क्षेत्र के सुल्तान नगर गांव निवासी 50 वर्षीय ओमपाल सिंह पुत्र स्वर्गीय जंगी सिंह शनिवार रात अपने घर से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर खेत की रखवाली करने गए थे। देर रात खेत में घुसी आवारा नीलगाय को भगाने के दौरान वह रेलवे ट्रैक के पास पहुंच गए। इसी बीच अचानक तेज रफ्तार कालिंद्री ट्रेन वहां से गुजर गई, जिसकी चपेट में आने से उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
घटना की जानकारी रविवार सुबह परिजनों को हुई। सूचना मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंचे, जहां ओमपाल सिंह का शव देख कर परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
मृतक ओमपाल सिंह एक मेहनती किसान थे और अपने परिवार का भरण-पोषण खेती के जरिए करते थे। उनके परिवार में पत्नी ऊषा देवी, पुत्र आनंद और शिवा, तथा पुत्रियां देवकी और जशोदा हैं। उनके असमय निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
परिवार के बड़े भाई यशपाल ने बताया कि ओमपाल सिंह नियमित रूप से खेतों की रखवाली करने जाते थे। परिवार में उनके अलावा छोटे भाई अवधेश और बहन नन्ही देवी हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
खेत की रखवाली कर रहे किसान की ट्रेन से कटकर मौत, परिवार में मचा कोहराम


