फर्रुखाबाद। थाना मऊदरवाजा पुलिस ने दो अलग-अलग चोरी की वारदातों का सफल खुलासा करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी का सामान बरामद किया है। सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में पुलिस ने एलजी कंपनी की वाशिंग मशीन, विंडो एसी, स्टेबलाइजर और नकदी बरामद की है। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की घटनाओं में शामिल होने की बात स्वीकार की है, जबकि उनके दो अन्य साथी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस के अनुसार, 23 जुलाई 2026 को ग्राम रसीदपुर निवासी हरिनाथ सिंह ने सिटिजन सर्विसेज पोर्टल के माध्यम से ई-एफआईआर दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 2 जून की रात फर्रुखाबाद-कायमगंज मार्ग स्थित उनकी दुकान का ताला तोड़कर अज्ञात चोर 3.5 किलोवाट का इन्वर्टर, दो 150 एएच बैटरियां, सीसीटीवी कैमरे की हार्ड डिस्क और डीवीआर चोरी कर ले गए थे। इस मामले में थाना मऊदरवाजा में मुकदमा दर्ज किया गया था।
इसके बाद 24 जुलाई को चीनीग्राम निवासी सुजाता भारद्वाज ने बीबीगंज स्थित अपने बंद पड़े मकान में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि 15 जुलाई को अज्ञात चोर मकान का ताला तोड़कर एसी, वाशिंग मशीन, इन्वर्टर-बैटरी, एलईडी टीवी, गैस सिलेंडर, गैस चूल्हा तथा अन्य घरेलू सामान चोरी कर ले गए। इस मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थलों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का गहन विश्लेषण किया। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने कांशीराम कॉलोनी टाउनहाल निवासी अमन पुत्र कामता तथा मोहल्ला रकाबगंज निवासी निकत उर्फ निखहत पुत्र स्वर्गीय गुड्डू को गिरफ्तार कर लिया। उनकी निशानदेही पर चोरी की गई एलजी कंपनी की वाशिंग मशीन, विंडो एसी, एक स्टेबलाइजर तथा 1,165 नकद रूपए बरामद किए गए।
पुलिस ने बरामदगी के आधार पर दोनों मुकदमों में धारा बढ़ोतरी की है। पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए दो अन्य साथियों के नाम भी बताए हैं। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी अमन के खिलाफ पूर्व में भी जुआ अधिनियम सहित कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वहीं निकत उर्फ निखहत के विरुद्ध भी चोरी से जुड़े मामले दर्ज हैं।


