शमशाबाद, फर्रुखाबाद। शमशाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम उलियापुर में जमीन पर घूरा डालने को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि विरोध करने पर महिला के साथ लाठी-डंडों से मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी दी गई। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने छह नामजद आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई तहरीर में ग्राम उलियापुर निवासी अनीता देवी, पत्नी आदेश ने आरोप लगाया कि 11 जुलाई को गांव के फेरू सिंह, कुलबीर, विकास, टीटू, सोनू तथा कलावती पत्नी फेरू सिंह उसकी भूमि पर जबरन घूरा डाल रहे थे। जब उसने इसका विरोध किया तो सभी आरोपी एकजुट होकर लाठी-डंडों के साथ मौके पर पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे।
पीड़िता का आरोप है कि विरोध करने पर आरोपियों ने उसके साथ बेरहमी से मारपीट की, जिससे वह घायल हो गई। शोर-शराबा सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी वहां से भाग निकले। जाते समय आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी।
घटना के बाद पीड़िता ने थाना शमशाबाद पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी और कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर छह नामजद आरोपियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।


