मोहम्मदाबाद, फर्रुखाबाद। जवाहर नवोदय विद्यालय, रोहिल्ला में कक्षा 10 के एक छात्र के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आने के बाद विद्यालय में तनाव का माहौल बन गया। छात्रों ने गणित शिक्षक पर छात्र को चप्पलों से पीटने और गला दबाने का प्रयास करने का आरोप लगाया। घटना का वीडियो सामने आने के बाद पीड़ित छात्र के परिजनों ने पुलिस से शिकायत की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने जांच के निर्देश दिए हैं, जबकि विद्यालय प्रशासन ने पांच सदस्यीय जांच समिति गठित कर दी है।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात करीब 8 बजे शिवालिक हाउस में डिनर काउंटिंग के दौरान कक्षा 10 के छात्र आदर्श यादव के देर से पहुंचने पर गणित शिक्षक पूर्ण यादव द्वारा उसके साथ मारपीट किए जाने का आरोप है। छात्रों का कहना है कि शिक्षक ने पहले चप्पलों से पिटाई की, फिर उसे घसीटते हुए छात्रावास के अंदर ले गए, जहां बेड पर पटककर उसके सीने पर बैठ गए और गला दबाने का प्रयास किया। अन्य छात्रों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की तो छात्र किसी तरह भागकर प्रधानाचार्य आवास पहुंचा।
छात्रों का कहना है कि आदर्श को बुखार था, जिसके कारण वह डिनर काउंटिंग में लगभग एक मिनट की देरी से पहुंचा था। घटना के बाद उसके पिता उसे उसी रात घर ले गए।
शनिवार को घटना से नाराज शिवालिक हाउस के अधिकांश छात्रों ने नाश्ता नहीं किया और कक्षाओं का भी बहिष्कार कर दिया। छात्रों ने प्रधानाचार्य से मिलकर गणित शिक्षक पूर्ण यादव के स्थानांतरण की मांग की। बाद में प्रधानाचार्य के आश्वासन के बाद छात्रों ने नाश्ता किया और स्थिति सामान्य हुई।
विद्यालय के प्रधानाचार्य राकेश बाबू ने बताया कि मामले की जांच के लिए विद्यालय स्तर पर पांच सदस्यीय समिति गठित की गई है। उन्होंने बताया कि संबंधित शिक्षक 30 जून को मैनपुरी से स्थानांतरित होकर विद्यालय आए थे। जांच पूरी होने तक उन्हें बच्चों की कक्षाओं और हाउस की जिम्मेदारी से हटा दिया गया है। उन्हें चेतावनी पत्र भी जारी किया गया है तथा पीजीटी कंप्यूटर शिक्षक जितेंद्र कुमार को शिवालिक हाउस का नया हाउस मास्टर बनाया गया है। जांच रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजी जाएगी, जिसके आधार पर आगे का निर्णय लिया जाएगा।
छात्रावास अधीक्षक ओम कृष्ण तिवारी ने बताया कि घटना के समय वह मेस में थे। शनिवार सुबह छात्रों ने विरोध स्वरूप नाश्ता और कक्षाओं का बहिष्कार किया था, लेकिन प्रधानाचार्य द्वारा निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिए जाने के बाद छात्र मान गए।
प्रभारी निरीक्षक अमोद कुमार सिंह ने बताया कि मामले में विभागीय जांच चल रही है। तहरीर मिलने और जांच रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।


