नई दिल्ली। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई ) में उठे विवादों और ऑन-स्क्रीन मार्किंग (OSM) प्रणाली को लेकर बढ़ते सवालों के बीच केंद्र सरकार ने बड़ा प्रशासनिक सर्जिकल स्ट्राइक करते हुए बोर्ड की शीर्ष कमान बदल दी है। सरकार ने तत्काल प्रभाव से चेयरमैन राहुल सिंह और सचिव हिमांशु गुप्ता को हटाकर वरिष्ठ आईएएस अधिकारी लोखंडे प्रशांत सीताराम को नया चेयरमैन तथा वरुण भारद्वाज को नया सचिव नियुक्त कर दिया है।
सीबीएसई की मूल्यांकन व्यवस्था और OSM टेंडर प्रक्रिया पर लगातार उठ रहे सवालों के बीच यह फैसला बेहद अहम माना जा रहा है। सरकार ने केवल अधिकारियों की अदला-बदली तक ही खुद को सीमित नहीं रखा, बल्कि OSM सेवाओं की खरीद और टेंडर प्रक्रिया की गहन जांच के लिए उच्चस्तरीय समिति का भी गठन कर दिया है।
कैपेसिटी बिल्डिंग कमीशन की अध्यक्ष एस. राधा चौहान के नेतृत्व में गठित समिति पूरे मामले की तह तक जाएगी और टेंडर प्रक्रिया से लेकर खरीद संबंधी सभी पहलुओं की जांच करेगी। समिति को एक महीने के भीतर अपनी रिपोर्ट कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (DoPT) को सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।
शिक्षा जगत में इस घटनाक्रम को सीबीएसई के भीतर जवाबदेही तय करने की दिशा में अब तक का सबसे बड़ा कदम माना जा रहा है। बोर्ड की कार्यप्रणाली, मूल्यांकन प्रणाली और ठेका प्रक्रियाओं को लेकर उठे विवादों के बाद शीर्ष स्तर पर हुआ यह फेरबदल साफ संकेत दे रहा है कि केंद्र सरकार अब किसी भी तरह की अनियमितता या पारदर्शिता पर उठने वाले सवालों को हल्के में लेने के मूड में नहीं है।


