मथुरा
हाईवे स्थित ओम नगर कॉलोनी में बीएसएफ कर्मी की पत्नी पूजा (30) की गोली लगने से हुई मौत के मामले ने नया मोड़ ले लिया है। शुरुआती जांच में इसे आत्महत्या बताया जा रहा था, लेकिन अब मृतका के परिजनों ने पति पर गंभीर आरोप लगाते हुए हत्या का मामला दर्ज कराया है।
घटना शुक्रवार की है, जब बीएसएफ में तैनात वीपी सिंह अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ घर में मौजूद थे। बताया गया कि सुबह वह ड्यूटी से छुट्टी लेकर घर आए थे और दोपहर में बच्चों को स्कूल से लेने गए थे। जब वे वापस लौटे तो उन्होंने पत्नी पूजा को घर में खून से लथपथ हालत में पाया, जिसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी।
पति वीपी सिंह ने पुलिस को बताया कि उनकी पत्नी ने उनकी लाइसेंसी राइफल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या की है। इस सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और सीओ अनिल कपरवान तथा थाना प्रभारी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए।
हालांकि, मृतका के मायके पक्ष ने इस घटना को आत्महत्या मानने से इनकार करते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं। सादाबाद के महावतपुर गांव निवासी मृतका के भाई ने तहरीर देकर कहा है कि पति द्वारा पूजा को प्रताड़ित किया जाता था और उसी ने गोली मारकर हत्या की है, जिसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई।
परिजनों की शिकायत के आधार पर थाना हाईवे में बीएसएफ कर्मी के खिलाफ हत्या की एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस अब दोनों पक्षों के बयानों, फॉरेंसिक रिपोर्ट और घटनास्थल से मिले सबूतों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
एसपी सिटी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि मामला बेहद संवेदनशील है और हर पहलू से जांच की जा रही है। अभी तक की शुरुआती जांच में इसे आत्महत्या माना जा रहा है, लेकिन पोस्टमार्टम और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही अंतिम निष्कर्ष निकाला जाएगा।


