32.4 C
Lucknow
Sunday, June 7, 2026

पेड़ारोपण में घोटाले की आशंका, भाजपा नेता ने उठाए सवाल—जांच व सख्त कार्रवाई की मांग

Must read

फर्रुखाबाद। जनपद में वन विभाग द्वारा कराए गए पेड़ारोपण अभियान पर अब सवाल खड़े होने लगे हैं। भारतीय जनता पार्टी फतेहगढ़ मंडल के महामंत्री सुमित कटियार उर्फ अभिषेक कटियार ने पेड़ लगाने के नाम पर बड़े घोटाले की आशंका जताते हुए मामले की उच्चस्तरीय जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुमित कटियार ने सूचना का अधिकार (RTI) अधिनियम के तहत वन विभाग से जिले में लगाए गए पेड़ों की संख्या और उनकी वर्तमान स्थिति के संबंध में विस्तृत जानकारी मांगी थी। लेकिन विभाग द्वारा दी गई जानकारी स्पष्ट और संतोषजनक न होने पर उन्होंने गंभीर आपत्ति जताई है।
उन्होंने आरोप लगाया कि विभाग की ओर से गोलमोल जवाब दिए गए, जिससे यह स्पष्ट नहीं हो पा रहा है कि वास्तव में कितने पेड़ लगाए गए और उनकी जमीनी स्थिति क्या है। इस प्रकार की अस्पष्ट जानकारी से यह संदेह और गहरा हो जाता है कि कहीं पेड़ारोपण के नाम पर कागजों में ही आंकड़े दिखाकर सरकारी धन का दुरुपयोग तो नहीं किया गया।
अपने शिकायती पत्र में सुमित कटियार ने कहा कि यदि पेड़ारोपण सही ढंग से किया गया होता, तो विभाग के पास स्पष्ट और प्रमाणिक आंकड़े उपलब्ध होते। उन्होंने कहा कि जवाबों में पारदर्शिता का अभाव सीधे-सीधे भ्रष्टाचार की ओर इशारा करता है।
भाजपा नेता ने सक्षम अधिकारियों से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए, ताकि सच्चाई सामने आ सके। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि यदि जांच में अनियमितताएं और घोटाले की पुष्टि होती है, तो संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए, जिससे भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।
स्थानीय लोगों में भी इस मामले को लेकर चर्चा तेज हो गई है। लोगों का कहना है कि हर वर्ष बड़े स्तर पर पेड़ लगाने के दावे किए जाते हैं, लेकिन धरातल पर उसका असर बहुत कम दिखाई देता है। ऐसे में इस प्रकार की शिकायतें प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करती हैं।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article