लखनऊ: लखनऊ के बंथरा क्षेत्र स्थित अमेज़न वेयरहाउस (Amazon warehouse) पर भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बिना अनिवार्य प्रमाणन के रखे गए 789 उत्पादों को जब्त किया है।
बीआईएस की छापेमारी में खिलौने और सैनिटरी नैपकिन सहित ऐसे उत्पाद पाए गए जो अनिवार्य बीआईएस प्रमाणन के दायरे में आते हैं, लेकिन बिना प्रमाणन के ऑनलाइन बिक्री के लिए भंडारित किए गए थे। अधिकारियों के अनुसार यह गुणवत्ता नियंत्रण आदेशों का स्पष्ट उल्लंघन है।
वरिष्ठ निदेशक एवं प्रमुख सुधीर बिश्नोई के निर्देशन में निदेशक पीयूष एम. वासेकर के नेतृत्व वाली 9 सदस्यीय टीम ने ग्राम भौकापुर, बंथरा स्थित अमेज़न वेयरहाउस में यह कार्रवाई की। टीम ने उपभोक्ताओं की सुरक्षा के लिए जोखिमपूर्ण माने जाने वाले बड़ी संख्या में उत्पाद जब्त किए।
बीआईएस ने स्पष्ट किया है कि उपभोक्ताओं की सुरक्षा और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे। इस कार्रवाई से ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर बिना प्रमाणन वाले उत्पादों की बिक्री करने वालों को सख्त संदेश गया है।


