– पीएम मोदी से लेकर मायावती तक ने दी शुभकामनाएं
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 54वें जन्मदिन पर शुक्रवार को राजनीतिक सीमाएं टूटती नजर आईं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों तथा बसपा सुप्रीमो मायावती समेत देश की अनेक प्रमुख हस्तियों ने उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश की प्रगति और जनजीवन की गुणवत्ता में सुधार के लिए उनका योगदान सराहनीय है। उन्होंने योगी आदित्यनाथ के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश की डबल इंजन सरकार सुशासन और जनकल्याण के नए मानक स्थापित कर रही है। वहीं रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने उन्हें लोकप्रिय एवं कर्मठ मुख्यमंत्री बताते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ने सुरक्षा, विकास और जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं।
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने भी मुख्यमंत्री योगी को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और मंगलमय जीवन की कामना की।
राज्यों के मुख्यमंत्रियों में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू तथा दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी योगी आदित्यनाथ को शुभकामनाएं दीं। रेखा गुप्ता ने उन्हें संतसुलभ शुचिता और राष्ट्र प्रथम की भावना से प्रेरित नेतृत्व का प्रतीक बताया।
राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने कहा कि योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व और जनकल्याणकारी कार्यों ने उत्तर प्रदेश को सुशासन, सुरक्षा और विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है।
इस अवसर पर भाजपा सांसद एवं फिल्म अभिनेत्री हेमा मालिनी, सांसद रवि किशन सहित अनेक जनप्रतिनिधियों ने भी मुख्यमंत्री को शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
राजनीतिक दृष्टि से सबसे चर्चित शुभकामनाओं में बसपा सुप्रीमो एवं उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती का संदेश रहा। मायावती ने सोशल मीडिया पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को जन्मदिन की बधाई देते हुए उनके स्वस्थ जीवन और दीर्घायु होने की कामना की।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जन्मदिन पर प्रदेशभर में भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा रक्तदान शिविर, वृक्षारोपण, गरीबों को भोजन वितरण तथा विभिन्न सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने इसे सेवा और समर्पण दिवस के रूप में मनाया।


