राजधानी Lucknow में भीषण गर्मी के बीच लगातार हो रही बिजली कटौती से लोगों का गुस्सा रविवार देर रात सड़कों पर दिखाई दिया। शहर के कई पावर हाउसों पर बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं ने प्रदर्शन और हंगामा किया। पीजीआई क्षेत्र स्थित अंबेडकर विश्वविद्यालय उपकेंद्र पर नाराज लोगों ने सभी फीडरों की बिजली आपूर्ति बंद कर दी, जिसके बाद पुलिस और बिजली विभाग के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया।
शकुंतला मिश्रा और एफसीआई उपकेंद्र पर हालात और अधिक तनावपूर्ण हो गए। बिजली आपूर्ति बाधित रहने से नाराज लोगों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया और वहां तैनात जूनियर इंजीनियर (जेई) को बंधक बनाने का प्रयास किया। बताया गया कि जेई किसी तरह अपनी गाड़ी से वहां से निकले, लेकिन प्रदर्शनकारियों ने उनका पीछा किया। उन्होंने करीब 13 किलोमीटर तक एक्सप्रेस-वे की ओर भागकर अपनी जान बचाई।
पीजीआई क्षेत्र के अंबेडकर उपकेंद्र के अंतर्गत हरिकंशगढ़ी, जगतखेड़ा, कल्ली पश्चिम, साहू कॉलोनी, प्रबुद्ध नगर, एकता नगर, साउथ सिटी, पिपरौली, उतरेठिया और पुष्पेंद्र नगर सहित कई इलाकों में एबीसी तार जलने के कारण लंबे समय तक बिजली आपूर्ति प्रभावित रही। लगातार बिजली गुल रहने से लोगों को भीषण गर्मी में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद घंटों तक लाइनमैन मौके पर नहीं पहुंचे। इससे नाराज उपभोक्ता शनिवार रात से रविवार तड़के तक तीन बार अंबेडकर उपकेंद्र पहुंचे और विरोध प्रदर्शन किया। लोगों ने बिजली विभाग से व्यवस्था में सुधार, त्वरित शिकायत निस्तारण और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है।


