फर्रुखाबाद। थाना राजेपुर क्षेत्र में खूंखार बंदरों के आतंक से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। घर में खेल रहे चार वर्षीय मासूम पर अचानक बंदरों के झुंड ने हमला कर दिया। बंदरों के हमले में मासूम गंभीर रूप से घायल हो गया। चीख-पुकार सुनकर पहुंचे परिजनों ने किसी तरह उसे बंदरों के चंगुल से बचाया और आनन-फानन में उपचार के लिए लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया।
जानकारी के अनुसार गांव पट्टी दारापुर निवासी धीरेश का चार वर्षीय पुत्र राज घर में खेल रहा था। इसी दौरान अचानक खूंखार बंदरों ने मासूम पर हमला कर दिया। बंदरों ने बच्चे को काटकर और नोंचकर घायल कर दिया। बच्चे के चीखने की आवाज सुनकर परिजन दौड़कर मौके पर पहुंचे और उसे बचाया।
हमले में घायल मासूम को परिजन तत्काल लोहिया अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसका उपचार शुरू किया। घटना के बाद से परिजनों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में बंदरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है और आए दिन लोगों पर हमले की घटनाएं सामने आ रही हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से खूंखार बंदरों को पकड़वाकर समस्या से निजात दिलाने की मांग की है।
खूंखार बंदरों के हमले में चार वर्षीय मासूम गंभीर घायल, लोहिया अस्पताल में भर्ती


