35.4 C
Lucknow
Tuesday, June 30, 2026

दानवीर भामाशाह जयंती पर व्यापार मंडल ने किया भव्य आयोजन, व्यापारी नेताओं ने उनके आदर्शों पर चलने का लिया संकल्प

Must read

फर्रुखाबाद। जिला व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से राष्ट्रभक्त, दानवीर एवं महान समाजसेवी भामाशाह की जयंती पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाई। कार्यक्रम में उपस्थित व्यापारियों एवं पदाधिकारियों ने भामाशाह के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए तथा उनके जीवन, त्याग और राष्ट्रसेवा के आदर्शों को स्मरण किया।
इस अवसर पर आयोजित गोष्ठी में वक्ताओं ने कहा कि दानवीर भामाशाह केवल एक सफल व्यापारी ही नहीं, बल्कि राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने वाले महान व्यक्तित्व थे। उन्होंने अपने संपूर्ण धन-संपत्ति को मातृभूमि की रक्षा के लिए समर्पित कर यह संदेश दिया कि समाज और राष्ट्र के प्रति व्यापारियों की भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी होती है। आज के समय में उनके आदर्शों और विचारों से प्रेरणा लेने की आवश्यकता पहले से अधिक है।
व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष सदानंद शुक्ला ने कहा कि भामाशाह का जीवन व्यापारियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि व्यापार केवल आर्थिक गतिविधि नहीं, बल्कि समाज सेवा और राष्ट्र निर्माण का भी माध्यम है। प्रत्येक व्यापारी को ईमानदारी, सेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना के साथ कार्य करना चाहिए।
जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजू गौतम ने कहा कि भामाशाह का त्याग और समर्पण भारतीय इतिहास का स्वर्णिम अध्याय है। उनके आदर्श आज भी समाज को नई दिशा देने का कार्य कर रहे हैं। जिला आईटी सेल अध्यक्ष संजय रस्तोगी ने कहा कि युवा पीढ़ी को भामाशाह के जीवन चरित्र का अध्ययन कर उनसे प्रेरणा लेनी चाहिए।
युवा जिला अध्यक्ष सुंदर गुप्ता ने कहा कि व्यापारियों को सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि भामाशाह का जीवन त्याग, सेवा और राष्ट्रभक्ति का अनुपम उदाहरण है।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी पदाधिकारियों एवं व्यापारियों ने भामाशाह के आदर्शों पर चलने तथा समाज और व्यापारिक हितों के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article