लखनऊ। राजधानी के अलीगंज क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया जब शहर के पूर्व मेयर सुरेश चंद्र अवस्थी पर आवारा कुत्तों के झुंड ने हमला कर दिया। हमले में उन्हें पैर और पीठ में कई जगह गंभीर चोटें आई हैं।
जानकारी के अनुसार, पूर्व मेयर शुक्रवार रात खाना खाने के बाद महाकवि जयशंकर प्रसाद वार्ड के सेक्टर क्यू चौराहा के पास अपने घर के बाहर टहल रहे थे, तभी लगभग 10 से 12 आवारा कुत्तों ने अचानक उन पर हमला कर दिया। जब तक वे संभल पाते, कुत्तों ने कई जगह काट लिया और दांत गड़ा दिए।
स्थानीय लोगों ने शोर सुनकर मौके पर पहुंचकर उन्हें किसी तरह कुत्तों के झुंड से बचाया। इसके बाद घायल अवस्था में उन्हें सुरक्षित घर ले जाया गया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया है, क्योंकि स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में आवारा कुत्तों की समस्या लगातार बढ़ती जा रही है।
पूर्व मेयर ने नगर निगम में शिकायत दर्ज कराई है, जिसके बाद नगर निगम की पशु कल्याण टीम को मौके पर भेजा गया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आवारा कुत्तों को पकड़ने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।


